Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:बिहारीगंज में भू-विवाद में वृद्ध की गोली मार हत्या, गम्हरिया में चाउमिन खाने गए बच्चे का खेत में मिला शव - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, April 7, 2023

MADHEPURA:बिहारीगंज में भू-विवाद में वृद्ध की गोली मार हत्या, गम्हरिया में चाउमिन खाने गए बच्चे का खेत में मिला शव

वारदात।
बिहारीगंज नगर पंचायत व और पीपराही पंचायत में हत्याओं से क्षेत्र में फैली सनसनी
गुरुवार को जिले में दो हत्याएं हुई। बिहारीगंज नगर पंचायत के वार्ड संख्या एक कुश्थन में बुधवार देर रात को अपराधियों ने एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं, गम्हरिया में एक 10 वर्षीय बच्च्े का शव खेत से बरामद हुआ। मृतक राधेश्याम यादव (55 वर्ष) के बगल वाले कमरे में बेटा भी सोया हुआ था, लेकिन उसे घटना की जानकारी नहीं मिल पाई। बताया जा रहा है कि बेटा मानसिक रूप से अस्वस्थ है। जमीन विवाद में हत्याकांड को अंजाम देने की बात कही जा रही है। मामले में थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि आवेदन मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रतिदिन की तरह राधेश्याम यादव रात में खाना-पीना खाकर घर से कुछ दूर स्थित बासा पर सोने चले गए थे, जहां देर रात अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। सुबह मृतक का भतीजा मनीष कुमार जब मवेशियों को खाना डालने गया तो खून से लथपथ शव पड़ा मिला। शोर मचाने पर ग्रामीण इकट्ठे हुए। सूचना पर पहंुची ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा भेज दिया। मृतक के सीने में बायीं तरफ एक गोली मारी गई। वहीं, दूसरी गोली दाहिने कनपट्‌टी को छूकर निकल गई। दूसरे कमरे में मृतक का इकलौता पुत्र बमबम कुमार (30 वर्ष) भी सोया हुआ था। वह मंदबुद्धि भी है। मृतक की पत्नी मंजू देवी भी बहुत दिनों से मानसिक रूप से बीमार है और लंबे समय से मायके गई हुई है।

एचएच-91 किनारे जमीन को लेकर होने वाली पंचायत के पहले ही सोने के दौरान कर दी हत्या

मृतक के भतीजे मनीष कुमार ने बताया कि उसके चाचा से गांव के ही एक व्यक्ति ने बहला-फुसलाकर 5 कट्‌ठा जमीन की रजिस्ट्री करवा ली थी। जमीन एसएच-91 किनारे है। मामले में गुरुवार को बिहारीगंज वाणिज्य समिति धर्मशाला में आसपास के 10 गांवों के पंच को बुलाकर पंचायती किया जाना तय हुआ था, लेकिन पंचायती से ठीक पहले रात को उनकी हत्या कर दी गई। परिजनों ने आशंका जताई है कि भूमि विवाद के कारण ही हत्या कर दी गई है।

बासा में सोए किसान की गोली मारकर हत्या की बात सामने आने पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। विभिन्न बिंदुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है। भूमि विवाद में हत्या किए जाने की बात परिजनों ने कही है। पीड़ित पक्ष के शिकायत दर्ज कराने पर कार्रवाई की जाएगी। सतीश कुमार, एसडीपीओ, उदाकिशुनगंज

चाउमीन खाने गए बच्चे की खेत में मिली लाश

गम्हरिया | गम्हरिया थाना क्षेत्र के दुलार पीपराही पंचायत के दमहा वार्ड नंबर 7 के एक मक्के की खेत में एक 10 वर्षीय बच्चे दिलजले कुमार का शव गुरुवार सुबह मिला। सूचना पर पहुंची गम्हरिया पुलिस लाश को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज मामले की जांच में जुट गई। गले पर गहरे जख्म व पास में चाउमीन और कुरकुरे देख पुलिस व ग्रामीण बच्चे की हत्या की आशंका जता रहे हैं। नाना घुरन ऋषिदेव ने बताया कि बच्चा बुधवार शाम को दुलार पिपराही के नया दुर्गा स्थान में लगे हाट में 10 रुपए लेकर चाउमीन खाने गया था। वहां नाना से बाद में लौटने की बात कह कर रुक गया था, लेकिन देर शाम तक वह घर नहीं लौटा तो काफी खोजबीन की गई। इसके बावजूद कोई पता नहीं चल पाया। सुबह में शौच जा रहे लोगों ने उसे मक्का खेत में मृत पाया। हत्या की आशंका जाहिर करते हुए परिजनों ने कहा कि जिस मक्का खेत में बच्चे की लाश मिली वह हाट के पास ही है और बच्चे के के गर्दन पर नाखून का निशान है।

मां-बाप ने कर ली दूसरी शादी
मृतक दिलजले कुमार का घर सहरसा जिले के सुलिंदाबाद में है। मां की दूसरी शादी कर लेने के बाद उसके पिता ने भी दूसरी शादी कर ली, जिसके बार वह नाना के पास ही रहने लगा। गम्हरिया थानाध्यक्ष त्रिलोकी नाथ शर्मा ने बताया कि शव को देखकर प्रथमदृष्टया हत्या का मामला प्रतीत होता है। लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट व आवेदन के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।