Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:You Tube से सीखा बैंक लूटने का तरीका, पहले में सफल रहे लेकिन दूसरी वारदात में पुलिस ने दबोचा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, April 21, 2023

BIHAR:You Tube से सीखा बैंक लूटने का तरीका, पहले में सफल रहे लेकिन दूसरी वारदात में पुलिस ने दबोचा

Kosi Live Bihar News:
आरा. बिहार के भोजपुर जिला में पिछले दिनों बैंक लूट की नाकाम कोशिश की घटना में शामिल चारों लुटेरों ने बैंक लूटने का तरीका यू ट्यूब से सीखा था. यू ट्यूब से लूट का तरीका और फिर फरार होने का तरीका सीखने के बाद गिरफ्तार लूटेरों ने एक बैंक लूट की घटना को बड़ी आसानी से अंजाम भी दे दिया था लेकिन दूसरी लूट की कोशिश में वो नाकाम रहे और आखिरकार घटना के 24 घंटे के भीतर उन्हें भोजपुर पुलिस ने दबोच लिया.

डिजिटल तरीके से लुटेरा बनने की चाहत में सारे लुटेरे धरे गए और अब पुलिस ने उन्हें जेल की सलाखों के पीछे धकेल दिया है. भोजपुर पुलिस की स्पेशल टीम ने इनके पास से लूट में प्रयक्त पिस्टल और गोलियां भी बरामद की हैं. दरअसल दो दिनों पहले यानी 19 अप्रैल को शाहपुर के बिलौटी स्थित दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक में तीन की संख्या में लुटेरे बैंक लूटने पहुंचे थे. इस दौरान ऐन मौके पर ही उनके हथियार ने धोखा देया, जिसका फायदा उठा बैंक के गार्ड और मैनेजर ने अपनी सूझबूझ दिखाते हुए शोर मचाया और बैंक को लूटने से बचा लिया.

गिरफ्तार आरोपियों में से तीन की तस्वीर बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई जिसकी जांच के बाद पुलिस ने तीनों को दबोच लिया. पकड़े गए लुटेरो ने इस कांड में एक और साथी के भी शामिल होने की बात बताई जो बैंक के बाहर खड़ा था और लाइनर की भूमिका में था. इस बात की जानकारी देते हुए भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने इसी साल जनवरी महीने में बड़हरा के बखोरापुर मंदिर परिसर में मौजूद बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में भी 31 हजार रुपये के लूट की घटना को अंजाम दिया था. उसके कुछ दिनों बाद ही चारों ने शाहपुर के बिलौटी स्थित ग्रामीण बैंक में धावा बोल दिया लेकिन वो लूट में सफल नही हो सके.
भोजपुर एसपी ने बताया कि पकड़े गए लुटेरों को धोबहां और मुफस्सिल थाना इलाके से गिरफ्तार किया गया जिन्होंने अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि जनवरी में बखोरापुर स्थित बैंक को लूटने के बाद लुटेरों ने उन पैसों के कुछ हिस्से को सरस्वती पूजा में लगाया और फिर एक मोबाइल खरीदा और अगली लूट के लिए हथियार खरीदे. गिरफ्तार लुटेरों के नाम मुफस्सिल थाना के धोबहां ओपी निवासी नीतीश कुमार, जितेंद्र कुमार, रंजीत कुमार और मुफस्सिल के दौलतपुर निवासी राहुल कुमार हैं.

इनके पास से पुलिस ने चोरी की दो बाइक, दो देशी कट्टा, एक नकली पिस्टल,आठ गोलियां, एक लोहे का फाइटर बरामद किया है. बरामद टोपी और गमछा लुटेरों के फरार होने के दौरान बैंक के बाहर गिर गए थे जिसकी पहचान लुटेरों ने पुलिस के सामने की है.