Kosilive Supaul News/
सुपौल में 30 साल के एक डेंटिस्ट ने खुदकुशी कर ली है। आत्महत्या से पहले उन्होंने सुसाइड नोट छोड़ा। जिसमें उनकी दो पत्नियों का जिक्र है। डॉक्टर ने पहली पत्नी को दहेज के झूठे आरोप में फंसाने, फिर बच्चे का हत्यारा बताने का आरोप लगाते हुए लिखा कि मैंने तुम्हें माफ किया।
वहीं दूसरी पत्नी के लिए लिखा- तुम्हारे साथ दोबारा जिंदगी जीने की कोशिश कर रहा था, लेकिन तुमने मेरा भ्रम तोड़ दिया। बाबू का ख्याल रखना। उसे मेरे से भी बड़ा डॉक्टर बनाना। तुम्हें भी मैंने माफ किया।
डॉक्टर ने 17 घंटे पहले अपने फेसबुक अकाउंट पर अलविदा लिखा था।
शुक्रवार को त्रिवेणीगंज थाना इलाके के बस स्टैंड के पास किराए के मकान में उनका शव फंदे से लटका मिला है। हालांकि पुलिस अभी आत्महत्या की बात स्पष्ट नहीं कर रही है। जांच के बाद ही मौत के सही कारण का पता चलने की बात कह रही है।
डॉक्टर अनुराग आर्यन की पहली शादी 2014 में हुई थी।
पहली पत्नी से तलाक के बाद की दूसरी शादी
मृतक की पहचान त्रिवेणीगंज अनुमंडल मुख्यालय के थलागढ़िया उत्तर पंचायत के जरैला वार्ड नंबर-7 निवासी डॉ. अनुराग आर्यन के रूप में हुई है। अनुराग की दो शादी हुई थी। पहला विवाह साल 2014 में हुआ था, लेकिन घरेलू कलह के कारण 2016 में तलाक हो गया। दूसरी शादी 2021 में हुई थी। आशंका जताई जा रही कि डॉक्टर ने घरेलू कलह के चलते यह कदम उठाया है।
बाबू माफ कर देना, आपका पापा कायर था
सुसाइड नोट में पहली पत्नी पूनम प्रकाश का जिक्र करते हुए लिखा है-
मैंने तुमसे वफा की उम्मीद की थी। बदले में तुमने मुझे झूठे दहेज के आरोप में फंसा दिया। साथ ही अपने ही बच्चे का हत्यारा घोषित कर दिया। जा फिर भी मैंने तुम्हें माफ किया।
इसके अलावा दूसरी पत्नी नीतू को लिखा है।
एक बार खत्म होने के बाद दूसरी बार जिंदगी जीने की कोशिश कर रहा था। लेकिन आज तुमने सारा भ्रम तोड़ दिया। साबित कर दिया कि जहाज जब डूबता है तो पहले चूहे कूदते हैं। बाबू का ख्याल रखना। उसके लिए कुछ छोड़कर जा रहा हूं। उसे मुझसे भी बड़ा डॉक्टर बनाना। तुझे भी माफ किया।
अगले पेज पर माता, पिता, बहन और सभी लोगों से भी माफी की अपील की है। साथ ही अपनी बेटी को लिखा है
मुझे माफ कर देना। आपका पापा कायर था। आपके लिए कुछ छोड़कर जा रहा हूं। मुझसे भी बड़ा बनना।
किराए के मकान में लटका मिला शव
अनुराग आर्यन बीते 5 सालों से त्रिवेणीगंज नगर परिषद में निजी क्लीनिक चला रहे थे। किराए के मकान में निजी आवास भी रखा हुआ था। चाचा रामानंद यादव ने बताया कि अनुराग गुरुवार को अपनी कार की सर्विसिंग के लिए पूर्णिया गए थे। शाम के पांच बजे त्रिवेणीगंज बाजार में अपनी बहन के पास मिलने गए और कहा कि कुछ जरूरी काम की वजह से वकील से मिलने जा रहा हूं।
चाचा ने बताया कि जब वो निकले तो उनके साथ क्लीनिक का कंपाउंडर नीरज कुमार भी था। रोजाना की तरह शुक्रवार को अनुराग क्लीनिक नहीं पहुंचे तो नीरज उसके घर पहुंचा। कमरा अंदर से बंद था। जब झांककर देखा तो फंदे से उसका शव लटक रहा था।
पारिवारिक कलह में दी जान!
स्थानीय लोगों ने त्रिवेणीगंज थाना की पुलिस को इसकी सूचना दी। त्रिवेणीगंज पुलिस ने पंचनामा करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चाचा ने बताया कि डॉ अनुराग आर्यन की दो शादी हुई थी। पहली शादी साल 2014 में प्रतापगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत गढ़िया गंगशायर गांव निवासी यदुनंदन यादव की पुत्री पूनम प्रकाश से हुई थी। घरेलू कलह के चलते 2 साल बाद दोनों का फैमिली कोर्ट के माध्यम से तलाक हो गया था। साल 2021 में उसकी शादी मधेपुरा के चिकनौटवा निवासी नीतू कुमारी से हुई, जिससे 6 महीने की बेटी आर्य आर्यन है।
त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष संदीप कुमार सिंह ने बताया कि पहली नजर में पारिवारिक विवाद में सुसाइड का मामला लग रहा है। मामले की जांच के बाद ही सही कारणों का पता चलेगा।