Kosi Live-कोशी लाइव Bihar News: मधेपुरा में भूमि विवाद में जमकर चले तीर, मां-बेटे घायल, सदर अस्पताल में चल रहा इलाज - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, April 2, 2023

Bihar News: मधेपुरा में भूमि विवाद में जमकर चले तीर, मां-बेटे घायल, सदर अस्पताल में चल रहा इलाज

Kosi Live Madhepura/बिहार के मधेपुरा में भूमि विवाद में हुए खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति तीर लगने से घायल हो गया। इस दौरान उसकी मां के साथ भी मारपीट की गई। घटना सदर थाना क्षेत्र के साहुगढ़ गांव की है।
बताया जा रहा है कि करीब सवा कट्ठा विवादित भूमि पर एक पक्ष की ओर से देर रात से चाहरदीवारी उठाई जा रही थी। जब सुबह दूसरे पक्ष को इस बात की भनक लगी तो मां-बेटा जमीन पर चाहरदीवारी को रुकवाने के लिए गए। इतने में उनके ऊपर तीर, ईंट और पत्थर आदि से हमला कर दिया गया। इसमें युवक को आंख के पास गाल पर तीर लग गया। इसके बाद स्थानीय लोग दोनों मां-बेटे को सदर अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है। 

पीड़ित पक्ष के तरफ से राम नंदन यादव ने बताया कि 24 मार्च को गांव के ही महेंद्र यादव और शंकर यादव द्वारा उनकी निजी जमीन पर चाहरदीवारी उठाई जा रही थी। उसका विरोध करने पर पंचायत की ओर से मापी करा कर सभी की जमीन निकालने की बात कही गई। दो बार जमीन की दोनों पक्षों द्वारा अमीन रख कर पंचायत प्रतिनिधियों की उपस्थिति में मापी कराई गई। लेकिन महेंद्र यादव और शंकर यादव ने इस मापी को नहीं माना। उन दोनों ने बीती रात चोरी-छिपे भाड़े के बदमाशों के सहयोग से इस जमीन की घेराबंदी शुरू कर दी। 

राम नंदन यादव ने बताया कि आज सुबह उसके भाई ब्रजेश कुमार बिष्णु और मां रोकने गए तो उन लोगों की ओर से तीर-गोली आदि चलाई जाने लगी। इस हमले में एक तीर ब्रजेश के आंख के नीचे गाल पर लगा। फिलहाल मधेपुरा सदर अस्पताल में उसके तीर को निकाल दिया गया है और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है। 
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय नारायण यादव ने कहा किमामले की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।