बाँका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के टेकनी गांव में शुक्रवार की देर रात एक विवाहिता के साथ सामूहिक दुष्कर्म करते हुए उसके पति के साथ जमकर मारपीट करने का मामला यहां प्रकाश में आया है।
पीड़िता व उसके पति ने रजौन थाना में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया है कि गांव के ही 4 लोग उसके घर में आ धमके और विवाहिता के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देते हुए मारपीट की घटना को भी अंजाम दिया।
मामले की शिकायत को लेकर पीड़ित परिवार रजौन थाना पहुंचा जहां थानाध्यक्ष को घटना की जानकारी दिए जाने पर रजौन थाना अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह एसआई नीतू प्रिया, गौतम कुमार सहित पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार के निशानदेही पर पुलिस ने गांव के ही एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापामारी अभियान चला रही है।
रजौन थाना अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला एवं उसके पति के साथ मारपीट किया गया है। जख्म के भी निशान मिले हैं। पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा है। पीड़िता के पति ने बताया कि वह शुक्रवार की देर रात घर के बरामदे पर सोए हुए थे, तभी गांव के ही चार आरोपी आ धमके और उसका मुंह बंद कर उसके साथ मारपीट की तथा आरोपियों ने घर में घुसकर उसकी पत्नी के साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया। घर से ऑटो का स्टेपनी एवं 20 हजार नगद ले भागे।