कोशी लाइव/बि हार की राजधानी पटना में एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड के विश्वास का कत्ल कर दिया। बीपीएससी परीक्षा पास करने की खुशी में उसे मिठाई खिला कर बेहोश कर दिया और उसके बाद लड़की के साथ युवक ने दुष्कर्म किया।
आरोप है कि मिठाई में बेहोशी की दवा मिला दी गई थी। पीरबहोर थाने में एफआईआर दर्ज कर मामले में कार्रवाई की जा रही है। आरोपी युवक फरार है।
22 हजार कर्ज भी लिया था
घटना पीरबहोर थाना इलाके के मुसल्लहपुर हाट में हुई। आरोपित का नाम सईदुर रहमान है। वह मूल रूप से पूर्णिया जिले का है। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। छात्रा ने पुलिस को बताया कि आरोपित से उसकी दोस्ती मुंगेर जिले में एक साल पहले स्कूटी खरीदने के दौरान हुई थी। एक बार युवक ने छात्रा से 22 हजार का कर्ज भी लिया था। कर्ज के रुपए देने के बहाने वह सुबह के पांच बजे कमरे पर पहुंच गया। फिर उसने कहा कि आप बीपीएससी की परीक्षा पास कर गयी है। इस खुशी में मिठाई लेकर आया है।
होश आने पर असलियत का पता चला
बताया गया है कि आरोपित सईदूर ने मिठाई निकालकर छात्रा को खिलाया। इसके बाद वह बेहोश हो गयी। होश में आने के बाद छात्रा को जब उसके साथ हुई घटना का पता चला तो उसने अपने अगल-बगल रहने वाली दूसरी लड़कियों से मदद मांगी। सबसे पहले छात्रा ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को जानकारी दी।
कदमकुआं थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पता चला कि घटनास्थल पीरबहोर थाना इलाके में आता है। इसके बाद छात्रा ने पीरबहोर पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पीरबहोर थाने की पुलिस ने छात्रा के बयान पर केस दर्ज किया। केस की आईओ महिला दारोगा अंजू तिवारी हैं।
मेडिकल जांच कराई
महिला दारोगा ने छात्रा से पूरी जानकारी ली। देर शाम उसकी मेडिकल जांच करवायी गयी। पीड़िता शादीशुदा है। वह पटना में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। आरोपित को वह पहले से जानती थी। जान पहचान का फायदा उठाकर इस घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस छानबीन कर रही है।