जिला प्रशासन ने दिये जांच के निर्देश, नगर थाने की पुलिस ने की जांच
करंट के दौरान झूला से कूद गये थें दोनों युवक, एक गोरखपुर रेफर
रिपोर्ट- गोविंद कुमार
गोपालगंज. बिहार के गोपालगंज में डिजनीलैंड मेला (Disneyland Fair) में लगे टॉवर झूला में अचानक करंट दौड़ गया. करंट दौड़ने पर दो युवक झूला से नीचे गिर गए. हादसे में जख्मी युवकों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां एक युवक की हालत गंभीर बताते हुए डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है. हादसा होने के बाद मेले में अफरातफरी मच गयी.
वहीं, जिला प्रशासन ने इस हादसे की जांच कराने के निर्देश दिए हैं. सदर एसडीएम डॉ प्रदीप कुमार (Sadar SDM Dr. Pradeep Kumar) ने पुलिस से जांच कर रिपोर्ट मांगी है. बताया जाता है कि ईद के बाद डिजनीलैंड में बड़ी संख्या में लोग मेला घूमने पहुंचे हुए थें. यहां टॉवर झूला का युवा आनंद ले रहे थें. इसी दौरान अचानक से करंट दौड़ गया. जिसके बाद टावर झूले को तत्काल बंद करनी पड़ी. सूचना पाकर नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, तब जाकर स्थिति नियंत्रण में हुआ.
पुलिस ने डिजनीलैंड मेले के संचालक को पूछताछ के लिए थाना लेकर चली गयी. वहीं, इस मामले में जख्मी युवक के परिजनों ने नगर थाने में मेला संचालक के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है. नगर इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने की बात कही है. वहीं, जख्मी युवक मांझा थाना क्षेत्र के धामापाकड़ गांव का निवासी इरफान अली बताया गया. जिसे गोरखपुर रेफर किया गया है. जबकि दूसरे युवक की हालत सामान्य होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी.
वहीं, डिजनीलैंड मेले में हादसा होने के बाद जख्मी युवकों के परिजनों ने मेला में सुरक्षा मानकों का ख्याल नहीं रखने का आरोप लगाया है. प्रशासन इसकी जांच कराने और सुरक्षा मानकों में अनदेखी पर कार्रवाई करने की मांग की है.