सुपौल जिले के किशनपुर थाना इलाके के कुमारगंज गांव स्थित एनएच 327 ए पर एक तेज रफ्तार में आ रहे कार ने एक बाइक पर सवार दो लोगों को रौंद डाला। इससे बाइक पर सवार दोनों व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। हालांकि मौके पर स्थानीय किशनपुर थाना की पुलिस पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया में जुटी है।
दोनों की पहचान किशनपुर थाना क्षेत्र के आंदोली वार्ड नंबर 5 निवासी 48 वर्षीय मो कूदस और किसनपुर बाजार निवासी 30 वर्षीय मोहम्मद आजाद के रूप में हुई। इधर मौत से आक्रोशित लोगों ने करीब डेढ़ घंटे तक सड़क को जाम कर जमकर बवाल मचाया।हाँलाकि इस को लेकर पुलिस प्रशासन के द्वारा काफी समझाने के बाद सड़क जाम समाप्त किया जा सका।
मृतक मो कूदस के पिता मोहम्मद नियामत ने बताया की घर से वह सुपौल के हटिया के लिए निकला था। दोनों मृतक खसी बकरी के खरीद बिक्री का काम करते थे। शुक्रवार को प्रत्येक दिन की तरह दोनों मृतक बकरी खसी के खरीद बिक्री के लिए किशनपुर बाजार स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक में तेल डालने के लिए पंप की तरफ जा ही रहे थे।
इसी दरमियान सामने से सुपौल की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दोनों व्यक्ति को रौंद डाला। जबरदस्त ठोकर लगने के बाद दोनों बाइक सवार की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच 327 ए मुख्य सड़क को जाम कर जमकर बवाल मचाया।मौके पर पहुंची पुलिस प्रशासन ने ठोकर मारने वाले कार और उसमें सवार एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर वाहन मालिक के बारे में पूछताछ करने में जुटी है।
इधर आक्रोशित लोगों को शांत कर मामले में दोनों मृतक के शव को पुलिस कब्जे में करते हुए सब को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेज दिया। किशनपुर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार और पुलिस अवर निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि कार को जब्त कर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। साथ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।