बिहार में आम आदमी के लिए कोई जगह नहीं है। गरीबों का यहां जीना दुश्वार हो चुका है। पूरे बिहार में माफिया, दलाल व नौकरशाहों का बोलबाला है। आम आदमी के बेटे की हत्या हो जाती है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती है। धारा जोड़ने और हटाने के लिए रुपये की वसूली में पुलिस लगी रहती है। अपराधियों पर कहां से नकेल कस पाएगी। चौसा थाना क्षेत्र के घोसई पहुंचे पूर्व सांसद सह जाप सुप्रीमो पप्पू यादव शुक्रवार को पुलिस-अपराधी गठजोड़ पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि बीते दिनों घोसई निवासी स्वर्ण किरण के 17 वर्षीय पुत्र अमृत किरण की हत्या अपराधियों ने कर दी। इकलौते बेटे की हत्या से शोक में डूबी मां और बहन मानसिक रूप से बीमार हो चुकी है। पिता बेसुध पड़े रहते हैं। लेकिन पुलिस प्रशासन को अब तक हत्यारे का पता नहीं चल पाया। पुलिस और प्रशासन का सिस्टम पूरी तरह फेल हो चुका है। अगर अमृत किरण के हत्यारे को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर स्पीडी ट्रायल के तहत सजा नहीं दिलाई गई तो आमजनता सड़क पर उतरने के लिए बाध्य होंगे। ग्वालपाड़ा थानाध्यक्ष विजय पासवान का ऑडियो वायरल हो रहा है। जो पुलिस की मनमर्जी व पूरी सिस्टम की पोल खोल रहा है। एक थानाध्यक्ष होकर जनप्रतिनिधियों को गाली देना, झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देना, यह शर्मनाक है। पुलिस और कानून व्यवस्था पर भी सवाल है। इस मामले में मैंने पर एसपी से भी बात की है। एसपी के द्वारा बताया गया कि एसडीपीओ काे जांच की जिम्मेदारी दी गई है। लेकिन मेरा सीधा सवाल है, आखिर यह जांच कब तक चलेगा।