मधेपुरा सदर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 6 में एक छात्र ने घर में फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। घटना के सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल लाया। जहां से पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया।
आत्महत्या के कारणों के सम्बन्ध में परिजन कुछ भी बताने से इनकार कर रहे हैं। आस पड़ोस के लोगों की माने तो आज सुबह वार्ड नम्बर 6 निवासी अमन पासवान के पुत्र अंकित कुमार (20) के मौत की सूचना मिली। अंकित बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रहा था। लोग बताते हैं कि आत्महत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला हो सकता है। अंकित के मौत पर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
इस सम्बन्ध में सदर थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार ने बताया कि सुबह 8-9 बजे के करीब उन्हें वार्ड नंबर 6 से किसी युवक के फंदे से लटकने की सूचना मिली जिसके बाद पुलिस की गश्ती टीम को वहां भेजा गया। पुलिस जब पहुंची तो शव फंदे से उतार कर नीचे कमरे में रखा था। परिजन उसके पोस्टमॉर्टम के लिए और एफआईआर के लिए तैयार नहीं थे। लेकिन काफी समझाने पर पोस्टमॉर्टम के लिए तैयार हुए हैं। जिस पर पुलिस पोस्टमॉर्टम करा कर शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। आत्महत्या के कारणों के सम्बन्ध उन्होंने बताया कि मौत का कारण पारिवारिक कलह हो सकता हैं। वैसे पुलिस हर बिंदु पर जाँच करेगी।