मधेपुरा पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। कार्रवाई करते हुए विभिन्न कांड में शामिल चार अपराधियों को हथियार, गोली और मादक पदार्थों के साथ मधेपुरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
इस संबंध में एसपी राजेश कुमार ने प्रेस वार्ता आयोजित कर बताया कि बीते कुछ महीने पहले अमीर यादव की हत्या गढ़िया चौक पर अपराधियों ने गोली मारकर कर दी थी। वहीं श्रीपुर सुखासन में भी अपराधियों द्वारा शंकर भगत की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी।
इस दोनों ही कांड में शामिल अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई कि अमित यादव की हत्या आपसी वर्चस्व के लिए हुई थी जबकि शंकर भगत की हत्या सुपारी लेकर की गई थी।
इस कांड में शामिल मधेपुरा के खोपैती, वार्ड नंबर 11 निवासी अंशु राज, वार्ड नंबर 13 निवासी संतसेवी कुमार एवं सहरसा के सौर बाजार निवासी राणा कुमार उर्फ गोलू कुमार को गिरफ्तार किया गया है। वहीं इनके पास से पुलिस ने एक देसी कट्टा, दो जिंदा गोली व अन्य मादक पदार्थ बरामद किया गया है। कांड में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
एसपी ने बताया कि मधेपुरा थाना क्षेत्र के सिहपुर में एक महिला के साथ हुए दुष्कर्म मामले में शामिल गोढियारी निवासी रुदल यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना में शामिल अन्य अपराधियों के खिलाफ भी पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।