Kosi Live/23 March Bihar Bandh: यूट्यूबर मनीष कश्यप की गिरफ्तारी पर बिहार में बंद का असर दिखने लगा है. तमिलनाडु केस में गिरफ्तार मनीष कश्यप की रिहाई की मांग जोरों पर है.
यूट्यूबर के समर्थकों ने आज 23 मार्च गुरुवार को बिहार बंद का ऐलान किया है. मनीष कश्यप के समर्थकों और जन जन पार्ट की ओर से बंद बुलाया गया है. ब्राह्मण-भूमिहार एकता मंच ने भी बंद में समर्थन दिया है.
Live Update....
यूट्यूबर मनीष कश्यप की गिरफ्तारी के विरोध में बिहार बंद का असर दिखने लगा है। शेखपुरा, वैशाली और नालंदा में मनीष के समर्थक सड़कों पर उतर गए हैं। कई जगहों पर सड़कों को जाम कर दिया है। नीतीश और तेजस्वी के खिलाफ नारेबाजी हो रही है। टायर जलाकर प्रदर्शन कर रहे हैं। पुलिस प्रदर्शन कर रहे लोगों को खदेड़कर जाम खुलवाने में जुटी हुई है।
जहानाबाद में समर्थकों ने गया-पटना NH-83 को जाम कर दिया। समर्थक पूरे मामले की CBI जांच की मांग कर रहे हैं। नालंदा में भी मनीष के समर्थकों का कहना है कि प्रशासन जान बूझकर मनीष को फर्जी वीडियो केस में फंसा है। जिस कारण वो इस गिरफ्तारी का विरोध करते हैं।
ट्विटर पर यूट्यूबर की गिरफ्तारी का विरोध तेजी से ट्रेंड कर रहा है। #23_मार्च_बिहार_बंद फिलहाल सबसे ऊपर ट्रेंड कर रहा है।
'23 मार्च बिहार बंद' हैशटैग ट्विटर पर ट्रेंड
कश्यप के समर्थकों का कहना है कि मनीष कश्यप प्रशासन के खोखले दावों की पोल खोलते थे, इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. उन्हें फेक वीडियो के मामले में फंसाया जा रहा है. यूट्यूबर की गिरफ्तारी से ब्राह्मण भूमिहार समाज भी आहत है. इसलिए तत्काल इस मामले में न्याय की मांग कर रहा है. बता दें कि बीते दो दिनों से ट्विटर पर '23 मार्च बिहार बंद' हैशटैग ट्रेंड कर रहा है.
हाजीपुर लालगंज मुख्य मार्ग युवकों ने किया जाम
हाजीपुर लालगंज मुख्य मार्ग पर यूट्यूबर मनीष कश्यप के समर्थन में आज बिहार बंद का असर दिखना शुरू हो चुका है. मनीष कश्यप के समर्थन में 23 मार्च को बिहार बंद बुलाया गया था. जिसको लेकर हाजीपुर लालगंज मुख्य मार्ग को जाम कर दिया गया है और सड़क पर आगजनी की जा रही है. वहीं भारी संख्या में युवाओं की टोली सड़क पर मौजूद है और गाड़ी की लंबी- लंबी कतार लग गई है.
मनीष कश्यप (Manish Kashyap) की गिरफ्तारी के विरोध में शेखपुरा में लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 82 को जाम कर दिया और टायर जलाकर प्रदर्शन किया।
तमिलनाडु सरकार ने बताया वीडियो को गलत और भ्रामक
तमिलनाडु से वायरल हो रही बिहार के मजदूरों की कथित तौर पर पिटाई का वीडियो फर्जी बताया जा रहा है. वायरल हो रही वीडियो के मामले में तमिलनाडु सरकार ने कहा कि जिस वीडियो को तमिलनाडु का बताया जा रहा है, वह गलत और भ्रामक है.