- इनसाइड स्टोरी , सहरसा के रिफ्यूजी कॉलोनी में जमीन विवाद में दो पक्षों में हिंसक झड़प, बटराहा के युवक की मौत
- जमीन की दलाली करता है आरोपी घर से तीन बोरी कागजात बरामद
- आरोपी भवेष पासवान की कहरा अंचल में गहरी पैठ, मृतक छोटू यादव विवादित जमीनों पर कब्जा दिलाने का लिया करता था काम
जिस विवादित जमीन पर बनी दीवार गिराने के बाद रविवार शाम कहरा कूटी स्थित रिफ्यूजी कॉलोनी में घंटे भर तांडव मचता रहा, उसे कहरा अंचल के राजस्व कर्मचारियों के साथ मिलकर जमीन की दलाली करने वाले भवेष पासवान ने खड़ी की थी। विवादित जमीन पर कब्जा दिलाने का काम करने वाले बटराहा निवासी आपराधिक चरित्र वाले छोटू यादव की मौत और आगजनी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने भवेष के घर से जमीन की तीन बोरी कागजात बरामद किए। उसके घर में पहले से कम्प्यूटर, प्रिंटर सहित कई उपकरण भी लगा था। जिसपर जमीन संबंधी कागजात तैयार किया जाता था। स्थानीय लोगों ने बताया कि भवेष पासवान अपने को मुंशी बताता था। बता दें कि रविवार शाम कहरा कुटी के समीप स्थित रिफ्यूजी कॉलोनी, उछाई नगर, वार्ड नंबर 6 की है। बताया गया कि रविवार शाम वार्ड-6 निवासी भवेष पासवान अपने घर के बगल की खाली जमीन पर चहारदीवारी बनवा रहे थे। तभी इसी मुहल्ले के बनारसी पासवान ने काफी संख्या में बाहरी लोगों को बुलवाकर बाउंड़ीवाल को तोड़वा दिया। इसके बाद हिंसक वारदात शुरू हो गई। गोलीबारी में बटराहा निवासी अनिल यादव के पुत्र लवकुश यादव उर्फ छोटू यादव (26 वर्ष) की मौत हो गई। उसे तीन गोली लगने की बात कही जा रही है। बताया जाता है कि छोटू आपराधिक चरित्र का था। जिसके बाद सैकड़ों की संख्या में पहुंचे आक्रोशित लोगों ने आरोपी भवेष पासवान सहित उनके तीन घरों पर हमला कर आगजनी की।
जमीन पर कब्जा के लिए दोनों ओर से बुलाए गए थे लोग
स्थानीय लोगों ने बताया कि भवेष पासवान अपने घर के बगल की खाली जमीन पर रविवार को बाउंड्री दे रहा था। इसी बीच बाउंड्रीवाल का विरोध कर रहे इसी मुहल्ले के बनारसी पासवान काफी संख्या में बाहरी हसेरी को लाकर बाउंड़ीवाल को तोड़वा दिया। इसके बाद हिंसक वारदात शुरू हो गयी। कुछ लोगों ने यह भी बताया कि हसेरी दोनों तरफ से मंगायी गयी थी। बाउंड्री बाल तोड़ने के बाद दोनों पक्षों के बीच तानातानी के बाद गोलीबारी शुरू हुई।
छोटू की मौत के बाद आरोपी को जिंदा जलाने पर उतारू थी भीड़
इससे पहले आक्रोशित लोग घर में बंद भवेश और उनके कुल 8 महिला-पुरुष परिजन को जिंदा जला देने और जान से मार देने पर उतारू था। जिसके 2 घंटे 30 मिनट बाद लगभग 5:30 बजे कई थानों की पुलिस के साथ हेडक्वार्टर डीएसपी एजाज हाशिम गनि, ट्रेनी डीएसपी निशिकांत भारती, सदर डीएसपी संतोष कुमार, कहरा सीओ लक्ष्मण प्रसाद, इंस्पेक्टर आरके सिंह , सहित सैकड़ों की संख्या में पैंथर और पुलिस जवान लाठी-डंडे व हूटर बजाते हुए पहुंचे। अधिकारियों के पहुंचने पर जवानों ने घर में बंद भवेश और उनके 8 परिजनों को निकाला। आक्रोशित भीड़ पुलिस से उन्हें छीन लेने का प्रयास भी किया। लेकिन पुलिस किसी तरह उन्हें सुरक्षित निकालने में कामयाब रही। भवेष के बारे में कहा जा रहा कि जमीन की दलाली कर उसने अकूत संपत्ति बना ली है। साथ ही कई विवादित जमीन को भी उन्होंने अपने नाम कर लिया है। जमीन का फर्जी दस्तावेज तैयार करने में उसे माहिर माना जाता है। यही कारण है कि भू-माफिया से उसकी गहरी पैठ भी रही है।
कई थानों की पुलिस और सैकड़ों जवान पहुंचे तो भागे आक्रोशित लोग
छोटू की मौत की खबर मिलते ही सैकड़ों की संख्या में हमलावर वहां पहुंच भवेष पासवान के घर पर हमला कर दिया। हमलावरों की संख्या करीब 400 से अधिक रही होगी। इसमें बनारसी पासवान और छोटे यादव के लोगों ने मिलकर भवेष पासवान के तीन मकानों पर हमला करते हुए पहले तोड़फोड़ की फिर आग लगा दी। कई थानों की पुलिस और सैकड़ों की संख्या में पहुंचे जवान घटनास्थल की ओर बढ़े तब आक्रोशित भीड़ भाग गयी। देर रात तक घटनास्थल पर पुलिस के जवान कैंप करते दिखे। दूसरी ओर मृतक के परजिन लाश का सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने में जुटे दिखे।
बवाल के समय आरोपी भवेष के घर में कैद थे सात लोग
तोड़फोड़ की घटना में गोलीबारी के मुख्य आरोपी भवेश पासवान , उनके बड़े भाई सुरेश पासवान , राजा पासवान , उनका पुत्र कन्हैया पासवान, उनकी बहन मीरा देवी, उनकी बड़ी भाभी मुन्नी देवी एवं उनके छोटे भाई कपिल देव पासवान की पत्नी इस घटना के दौरान घर में ही कैद थी। वहीं छोटू यादव भी कई बार जेल जा चुका है। साथ ही जमीनी विवाद में कई बार उनका नाम आ चुका है। वे कई विवादित जमीन पर दखल कब्जा दिलाने के आरोपी व तोड़फोड़ , मारपीट में संलिप्त रहा था।
जांच जारी, मामला दर्ज कर सभी बदमाशों की होगी गिरफ्तारी
जमीन विवाद में मारपीट और गोलीबारी की घटना हुई है। आगजनी भी की गई है। एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। जांच की जा रही है। मामला दर्ज होगा। सभी की गिरफ्तारी होगी।
एजाज हाशिम गनी, डीएसपी हेडक्वार्टर


