एसपी के निर्देश पर सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से हथियार, कारतूस व बाइक भी जब्त किया गया है।
वर्षों से फरार चल रहे अपराधकर्मी सुमन बबुआन कुछ साथी अपराधकर्मी के साथ हरवे हथियार से लैस होकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए होम्योपैथिक मेडिकल कालेज रोड कैलाशपुरी में मनोज मास्टर का अर्द्धनिर्मित मकान में एकत्रित होने की सूचना मिली थी।प्राप्त सूचना का सत्यापन सदर थानाध्यक्ष से कराया गया। जिसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर संतोष कुमार, प्रशिक्षु डीएसपी निशिकांत भारती के नेतृत्व में सदर थानाध्यक्ष जयशंकर प्रसाद, सअनि नरेन्द्र सिंह, तकनीकी शाखा, मोटरसाइकिल दस्ता एवं पैंथर जवानों के द्वारा छापामारी की गयी। छापामारी के क्रम में अपराधकर्मी सुमन बबुआन फरार हो गया। लेकिन साथी डुमरैल निवासी कारी यादव, सुपौल जिले के दहीपारो निवासी संतोष कुमार, सोनवर्षा राज थाना क्षेत्र के शाहपुर निवासी दिलखुश कुमार, सलखुआ थाना क्षेत्र के टेंगराहा निवासी प्रिंस कुमार, सलखुआ थाना क्षेत्र के नवटोलिया निवासी आदित्य कुमार, सिमरीबख्तियारपुर थाना क्षेत्र के ख्महौती निवासी लालु कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
सहरसा: शहर के डुमरैल स्थित एक घर से जन्मदिन मनाने बड़ी संख्या में पहुंचे बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। जिले के सिमरीबख्तियारपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले सुमन बबुआन का जन्मदिन था जिसपर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पिछले एक वर्ष से कई आपराधिक मामले में पुलिस उसे तलाश कर रही है। डुमरैल में होमियोपैथिक मेडिकल कालेज के पास ही शशि यादव के मकान में जन्मदिन पार्टी की सूचना पुलिस को लग गई। पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह के निर्देश पर ही तीन डीएसपी के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बलों ने उस मकान को चारों ओर से घेर लिया और अंदर प्रवेश करने चारों ओर भगदड़ मच गई। जन्मदिन पार्टी को लेकर सहरसा, सुपौल एवं मधेपुरा तीनों जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए बदमाश व असामाजिक तत्वों का जमघट लगा था। पुलिस को देखते ही अफरा तफरी की स्थिति मच गयी। दर्जनों बदमाश हथियार लेकर पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार हो गया जिसमें सुमन बबुआन भी शामिल है। सुमन बबुआन का ननिहाल डूमरैल ही है। पुलिस ने देखा कि पार्टी स्थल पर मांस व चावल की जमकर पार्टी हो रही है। कई लोग नशे की हालत में भी थे। पुलिस ने वहां से विदेशी शराब व हथियार भी बरामद किया है, लेकिन पुलिस पूछने पर इससे इंकार कर रही है। पुलिस ने इस मामले में करीब एक दर्जन बदमाशों को चिह्नित कर उससे पूछताछ कर रही है। वहीं दर्जनों युवाओं को पूछताछ और जांच के बाद छोड़ने का सिलसिला जारी है। छापेमारी में सदर एसडीपीओ संतोष कुमार, प्रशिक्षु डीएसपी निशिकांत भारती, डीएसपी मुख्यालय सहित सदर थानाध्यक्ष जयशंकर प्रसाद सहित सदर थाना के पुलिस पदाधिकारी व जवान शामिल थे।
