चौसा/अरजपुर
बहन की शादी में मंडप बनाने के लिए जरूरी बांस काटने के दौरान दो लड़कों की करंट लगने से मौत हो गई। दोनों आपस में मौसेरे भाई थे। घटना सोमवार को चौसा प्रखंड के अरजपुर पूर्वी पंचायत के वार्ड संख्या-12 यमुनियां टोला में हुई।
मृतकों की पहचान यमुनियां टोला निवासी निपेंद्र मंडल के 21 वर्षीय पुत्र प्रभाकर कुमार एवं बिहारीगंज थाना क्षेत्र के सरौनी के अर्जुन टोला निवासी डोमी मंडल के 20 वर्षीय पुत्र लोहा सिंह कुमार के रूप में की गई। दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही शादी वाले घर का माहौल मातम में बदल गया। निपेंद्र मंडल की बेटी की शादी 24 जून को होने वाली थी। शादी के लिए घर में खुशी का माहौल था। बहन की शादी के लिए भाई मंडप बनाने की तैयारी में जुटा था। लेकिन भगवान को कुछ और ही मंजूर था। बहन की डोली उठने से पूर्व भाई की अर्थी उठ गई।
इसके साथ ही साथ मृतक के मौसेरे भाई की भी मौत हो गई। बताया गया कि निपेंद्र मंडल का पुत्र प्रभाकर कुमार और उनके साढू का बेटा लोहा सिंह कुमार सोमवार की सुबह 10 बजे के आसपास घर से कुछ दूरी पर बगीचे के बांसबाड़ी से मंडप बनाने के लिए बांस काटने के लिए गए थे।
बांसबाड़ी के ऊपर से गुजरा है हाईटेंशन तार
ग्रामीणों ने बताया कि सुबह से बारिश हो रही थी। सुबह करीब 10 बजे बारिश थमते ही दोनों युवक बांसबाड़ी में बांस कटने लग गए। हालांकि बांस के ऊपर से हाईटेंशन तार गुजर रहा था। जिसे वे लोग देख नहीं पाए। बांस काटने के क्रम में ही जब लोहा सिंह बांस को खींचकर निकाल रहा था तो बांस हाईटेंशन तार से सट गया। इससे लोहा सिंह को करंट लग गया। उसे बचाने के लिए प्रभाकर गया, तो वह भी करंट की चपेट में आ गया। इससे दोनों भाइयों की घटनास्थल पर हो मौत गई। घटना के बाद लोगों ने आनन-फानन में फाेन कर पावर हाउस से बिजली की आपूर्ति बंद कराए। एसआई रणवीर कुमार ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
बहन की डोली उठने से पहले उठी भाई की अर्थी
बताया गया कि प्रभाकर के बहन की शादी आलमनगर थाना क्षेत्र के खुरहान के बसनबाड़ा में तय हुई थी। 24 जून को बारात आने वाली थी। बहन की शादी के लिए लगभग सभी तैयारी खुशी-खुशी हो रही थी। इसी के लिए दोनों भाई सोमवार को मंडप को बनवाने के लिए जरूरी बांस काटने गए थे। मृतक के भाई लाल बहादुर कुमार ने बताया कि दोनों की शादी एक वर्ष पूर्व हुई थी। प्रभाकर की शादी उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के बाराटेनी और लोहा सिंह की शादी पूर्णिया जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र के बलिया में हुई थी। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया। शव के घर पहुंचते ही लोहा सिंह की मां अनीता देवी तथा प्रभाकर की मां अंजलि देवी सहित पूरे परिवार वालों के रोने की चीत्कार से गांव का माहौल गमगीन हो गया। पूर्व मुखिया मनोज प्रसाद, मुखिया प्रतिनिधि घनश्याम मंडल, पूर्व पंसस प्रफुल्ल मंडल, विनोद पाटिल व अन्य ने पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी।
मुआवजे के लिए की जाएगी आगे की प्रक्रिया
बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई है। विभाग द्वारा चार-चार लाख रुपए का मुआवजा देने का प्रावधान है। आगे की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
पांडव कुमार, जई, चौसा
