कोरोना का कहर:एक माह पूर्व वैक्सीन का दूसरा डोज लेने के बाद भी आंगनबाड़ी सेविका हो गईं कोरोना पॉजिटिव
विराटपुर पंचायत के वार्ड 8 में गुरुवार को एक साथ तीन कोरोना पॉजिटिव मिले। विशेषकर कोरोना पॉजिटिव एक आंगनबाड़ी सेविका ने एक माह पूर्व ही वैक्सीन का दूसरा खुराक लिया था। ऐसे में एंटिजन टेस्ट व वैक्सीन दोनों पर प्रश्नचिह्न लग गया है। बीते बुधवार को विराटपुर वार्ड 8 के एक युवक ने सर्दी खांसी होने पर सदर अस्पताल सहरसा में अपना एंटिजन जांच करवाई थी। जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर इसकी सूचना स्थानीय पीएचसी को दी गई। गुरुवार को पीएचसी की टीम द्वारा कोरोना पॉजिटिव युवक के परिवार तथा अगल-बगल के परिवारों की ट्रैकिंग की गई। जिसमें एक आंगनबाड़ी सेविका तथा एक जनवितरण व विक्रेता कोरोना पॉजिटिव पाई गई। कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए क्षेत्र के सभी अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्रों में एंटिजन टेस्ट की व्यवस्था करने की जरूरत बढ़ गई है। वर्तमान में एंटिजन टेस्ट की व्यवस्था मात्र स्थानीय पीएचसी में ही है। उक्त बाबत पीएचसी प्रबंधक महबूब आलम ने बताया कि वार्ड नं 8 में तीन कोरोना पॉजिटिव मिलने की जानकारी स्थानीय प्रशासन को दी जा रही हैं।कोलतवा गांव के 8 वर्षीय बालक कोरोना पॉजिटिव
बनमा ईटहरी | बनमा ईटहरी प्रखंड में एक बार फिर से कोरोना संक्रमण के मामले सामने आने लगे हैं। गुरुवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तेलियाहाट में कोरोना जांच की गई। जहां कल तक कुल 18579 लोगों की एंटीजन किट से जांच की गई। वही बुधवार को ईटहरी पंचायत के कोलतवा गांव के आठ वर्षीय बालक कोरोना पॉजिटिव पाए गए। पंचायत में कोरोना संक्रमण मरीज मिलने से लोगों में काफी चिंता दिखाई दे रही है। लोग बिना मास्क लगाए बाहर निकल रहे हैं।
उ.म.वि कमलजड़ी की शिक्षिका संक्रमित
पतरघट | कोरोना संक्रमण के एक्टिव केस पतरघट में चार हो गए है। वहीं बुधवार को उच्च मध्य विद्यालय कमलजड़ी की एक शिक्षिका के पॉजिटिव रिपोर्ट आने के कारण शिक्षिका ने उक्त विद्यालय के एचएम को जानकारी दी। प्रधानाध्यापक ने गुरुवार को विद्यालय बंद कर दिया। प्रधानाध्यापक प्रवीण कुमार ने कहा कि शिक्षिका ने पहले मधेपुरा में जांच कराई फिर सहरसा में दोनों जगह जांच में कोरोना पॉजिटिव पाई गई। इसकी सूचना बुधवार को देर शाम बीईओ कृष्ण कुमार चौधरी को भी दे दी गई।
