सहरसा में पिस्तौल व गोली के साथ दारोगा पुत्र समेत चार बदमाश गिरफ्तार
सहरसा। सदर थाना पुलिस ने दो अलग-अलग जगह से पिस्तौल व गोली के साथ झारखंड में पदस्थापित एक दारोगा के पुत्र समेत चार बदमाश को गिरफ्तार किया। बदमाशों के पास से दो पिस्तौल, चार गोली, पुलिस का लोगो लगी बुलेट, बाइक व कार बरामद किया गया है।
गुरुवार को एसपी लिपि ङ्क्षसह ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि सूचना मिली कि रिफ्युजी चौक पर कुछ बदमाश एकत्रित होकर किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना के आलोक में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। जिसमें प्रशिक्षु डीएसपी चंदन कुमार, सदर थानाध्यक्ष राजमणि, पुअनि सुनील कुमार भगत शामिल थे। टीम द्वारा छापेमारी कर झारखंड में पदस्थापित दारोगा बिहरा थाना के सिहौल गांव के संतोष मिश्रा के पुत्र सत्यम मिश्रा, बनगांव थाना क्षेत्र के ढ़ोली गांव निवासी रंजन यादव के पुत्र अमित कुमार यादव एवं सदर थाना के बटराहा निवासी स्व. बादशाह प्रसाद यादव के पुत्र आकाश कुमार यादव को पकड़ा गया। इनलोगों के पास से एक 7.65 एमएम का पिस्तौल, तीन गोली, एक बिना नंबर की बाइक व एक पुलिस लोगो लगी बुलेट व दो मोबाइल बरामद किया गया। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश आकाश यादव पर सदर थाना में आम्र्स एक्ट समेत तीन मामला दर्ज है। जबकि अन्य के आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है।
वहीं शहर के गांधीपथ में एक चार पहिया वाहन से बदमाशों द्वारा किसी घटना को अंजाम देने की सूचना मिलने पर रात्रि गश्ती कर रहे पुलिस पदाधिकारी एवं सदर थानाध्यक्ष राजमणि के नेतृत्व में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक कार पर सवार बदमाश गांधीपथ के जयनारायण साह के पुत्र रामकृष्ण कुमार को पकड़ा गया। उसके पास से 7.65 एमएम का एक पिस्तौल, एक गोली बरामद किया गया। जबकि कार को जब्त कर लिया गया। पत्रकार वार्ता के दौरान एसडीपीओ संतोष कुमार, मुख्यालय डीएसपी बृजनंदन मेहता, प्रशिक्षु डीएसपी चंदन कुमार, थानाध्यक्ष राजमणि, पुअनि सुनील कुमार, सत्येंद्र सिंह समेत अन्य मौजूद थे।
गिरफ्तार चारों बदमाशों पर आम्र्स एक्ट का मामला दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। - लिपि सिंह, एसपी, सहरसा।
