Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA NEWS:पूर्णिया के हत्यारोपी उदाकिशुनगंज से गिरफ्तार, हथियार बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, March 16, 2021

MADHEPURA NEWS:पूर्णिया के हत्यारोपी उदाकिशुनगंज से गिरफ्तार, हथियार बरामद

MADHEPURA NEWS:पूर्णिया के हत्यारोपी उदाकिशुनगंज से गिरफ्तार, हथियार बरामद
मधेपुरा। उदाकिशुनगंज अनुमंडल मुख्यालय थाना क्षेत्र के फनहन और हरैली गांव से पूर्णिया जिले के रघुवंशनगर ओपी पुलिस ने सोमवार की रात महिला हत्याकांड के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में एक के पास से पुलिस ने एक कट्टा बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपितों को पूर्णिया पुलिस अपने साथ ले गई।

धमदाहा (पूर्णिया) के एसडीपीओ रमेश कुमार ने बताया कि 13 मार्च को रघुवंशनगर ओपी क्षेत्र के शिशवा गांव में पलटन यादव की पत्नी अंजनी देवी की हत्या बदमाशों ने गोली मारकर कर दी थी। घटना के वक्त महिला अपने घर में सोई हुई थी। इस मामले में स्वजनों ने रघुवंशनगर ओपी में मामला दर्ज कराया था। इसमें तीन नामजद और दो अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस तीन नामजद को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि पुलिस अनुसंधान के दौरान हत्याकांड में पूर्णिया के बड़हरा कोठी थाना क्षेत्र के सहशोल गांव के मु. शौहिल और इसी थाना क्षेत्र के शिशवा गांव के आशीष कुमार यादव का नाम सामने आया। उसके बाद पुलिस इन दोनों की गिरफ्तारी में जुट गई। पुलिस को इन दोनों बदमाशों के मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र में छुपे होने की जानकारी मिली, जहां रघुवंशनगर ओपी पुलिस ने उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के फनहन गांव स्थित सुसराल से मु. शौहिल और हरैली ऋषिदेव तीनमुहानी टोला स्थित दोस्त के सुसराल से आशीष कुमार यादव को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आशीष के पास से पुलिस ने एक कट्टा बरामद किया।


जानकारी के अनुसार, 13 मार्च को सुप्तावस्था में बाइक सवार बदमाशों ने महिला को गोली मारी थी। गोली की आवाज सुनकर महिला के घर वाले और आसपास के लोग पहुंचे। जख्मी महिला को लेकर स्वजन निकट के मधेपुरा जिले के बिहारीगंज पीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया। उसके बाद रघुवंशनगर पुलिस कार्रवाई में जुट गई।