बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के चक्कर मैदान इलाके में होटल संचालक की गर्भवती पत्नी की संदिग्ध स्थिति में रविवार देर रात मौत हो गयी। उसका शव बिछावन पर पड़ा हुआ मिला। मृतका की पहचान भारत सम्राट यादव की पत्नी रीति देवी (29) के रूप में हुई है। भारत एक पूर्व मंत्री का भतीजा है।
इसकी सूचना मिलने पर थानेदार मो. शुजाउद्दीन टीम के साथ छानबीन को पहुंचे। वहां पहुंचने पर पाया कि घर खुला हुआ है और सभी घरवाले फरार हैं। छानबीन शुरू की गई। कमरे में महिला का शव मिला। बिछावन पर एक दुपट्टा भी मिला। इसी बीच मृतका के मायके से चाचा प्रभु शंकर यादव समेत अन्य लोग पहुंचे।
पुलिस पूछताछ में उन्होंने रीति के पति भारत सम्राट, उनकी मां और बहन पर गला दबाकर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया।
वहीं, सोमवार सुबह पुलिस के अनुरोध पर एफएसएल की टीम ने मामले की छानबीन की। कमरे की बारीकी से जांच की गई। वहां से साक्ष्य के तौर पर कई नमूने भी लिए गए। इसके अलावा घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटाग्राफी भी करायी गयी। इस दौरान नगर डीएसपी रामनरेश पासवान भी मौजूद थे।
वर्ष 2018 में हुई थी शादी
रीति के चाचा प्रभु शंकर यादव ने पुलिस को बताया कि 2018 में भतीजी की शादी की थी। उसका मायके पूर्वी चंपारण जिला के शिकारगंज थाना के परेवा में है। उसका पति भारत का गोबरसही में होटल का कारोबार है। भारत की बहन की शादी हो चुकी है। बावजूद इसके वह कई वर्षों से अपने मायके में ही रहती है। सास व ननद हमेशा उनकी भतीजी से लड़ाई झगड़ा करती थीं। इस कारण वह हमेशा तनाव में रहती थी।
रात नौ बजे मां से की थी बात
मृतका के पिता रवीन्द्र यादव समेत अन्य लोग वर्तमान में नागालैंड के दीमापुर में रहते हैं। चाचा ने बताया कि रात करीब दस बजे बड़े भाई ने उन्हें कॉल कर बताया कि उनकी पुत्री की हत्या कर दी गयी है। आपलोग जल्दी जाइए। इसके बाद हम लोग यहां पहुंचे। देखा कि घर पर सिर्फ पुलिस है। दामाद समेत अन्य सभी लोग फरार हैं। भतीजी का शव कमरे में बिछावन पर पड़ा था। वह छह माह की गर्भवती भी थी। उन्होंने बताया कि उसने रविवार रात करीब नौ बजे अपने मां से बात की थी। उस वक्त भी वह तनाव में थी।
मृतिका के भाई ने दी पुलिस को जानकारी
थानाध्यक्ष ने बताया कि देर रात मृतिका के भाई ने उन्हें कॉल कर घटना की जानकारी दी। कहा था कि बहनोई ने कॉल कर बताया है कि रीति ने गले में दुपट्टा बांधकर पंखे से लटक खुदकुशी कर ली है। घटना के समय घर में वह अकेली थी। मां और बहन बाजार गई थीं। वह होटल पर था। कई बार रीति के मोबाइल पर कॉल की। लेकिन, उसे फोन नही उठाया। इसके बाद वे अपने भाई के साथ घर पहुंचे। देखा कि कमरा अंदर से बंद है।
कांच तोड़कर कमरे में घुसा
मृतिका के परिजन को फोन पर बताया गया कि उनके कई खटखटाने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो कमरे के पीछे जाकर देखा। एसी वाली खिड़की का कांच तोड़कर अंदर जाने पर देखा कि रीति पंखे से लटकी हुई थी। शव को पंखे से उतार दिया। मृतका के भाई ने थानाध्यक्ष से कहा कि उक्त बातें उसके बहनोई ने उनको कॉल कर बतायी। लेकिन, जब वहां पुलिस पहुंची तो सभी फरार मिले।
डेढ़ साल की बेटी को लेकर आरोपित फरार
आरोपित मृतका की डेढ़ साल की बच्ची को लेकर भी फरार है। परिजन बार-बार पुलिस से गुहार लगा रहे कि उसे जल्द बरामद किया जाए। अन्यथा उसकी भी हत्या कर दी जाएगी। परिजनों ने कहा कि रीति छह माह की गर्भ से थी। उसका स्वभाव बहुत मधुर और सरल था। वह कभी भी आत्महत्या नहीं कर सकती है।
हत्या को खुदकशी का रूप देने की साजिश
मृतका के ममेरे भाई ने बताया कि आरोपितों ने मिलकर पहले उसकी गला दबाकर हत्या की होगी। फिर खिड़की का कांच तोड़ा होगा। क्योंकि, जब पुलिस वहां पहुंची तो दरवाजा खुला हुआ था। वहीं, थानाध्यक्ष का कहना है कांच के टूटने के तरीके से पता लगता है कि इसे बाहर से तोड़ा गया है। कमरा में कांच के काफी टुकड़े मिले हैं।
एक पूर्व मंत्री का बताए जा रहा भतीजा
पुलिस छानबीन में पता लगा कि भारत सम्राट एक पूर्व मंत्री का भतीजा है। उसके पिता की मौत पूर्व में हो चुकी है। घर में रीति उसका पति, सास, ननद, देवर और देवरानी रहती थीं।
हत्या व आत्महत्या की बिंदु पर जांच शुरू
हाई प्रोफाइल मामला होने की वजह से नगर डीएसपी स्वयं सभी बिन्दुओं पर जांच की। महिला के मायके से आये परिजनों से पूछताछ की। घटना के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों बिन्दुओं पर जांच कर रही है। एफएसएल व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का खुलासा होगा। कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
