Kosi Live-कोशी लाइव Bihar Weather Forecast: बिहार में आज आंधी के साथ बारिश के आसार, दो दिनों तक रहेंगे ऐसे ही हालात - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, March 12, 2021

Bihar Weather Forecast: बिहार में आज आंधी के साथ बारिश के आसार, दो दिनों तक रहेंगे ऐसे ही हालात


Bihar Weather Forecast बंगाल की खाड़ी में बने प्रति-चक्रवात (Anti Cyclone) के कारण बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में आंधी के साथ बारिश हो सकती है। राज्य में आंधी व बारिश की स्थिति शुक्रवार व शनिवार को बनी रहेगी। आज से दो दिनों तक पूरे राज्‍य के तापमान में काफी कमी आएगी। मौसम सुहावना होगा। रविवार से प्रदेश का आसमान फिर साफ होगा। उसके बाद तापमान में लगातार वृद्धि होने का अनुमान है।

काफी मात्रा में आ रही नमी

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार ने कहा कि बंगाल की खाड़ी में एक प्रति चक्रवात बना है। इससे प्रदेश में काफी मात्रा में नमी आ रही है।

बंगाल की खाड़ी से नमी और पश्चिम से आने वाली गर्म हवाओं के प्रदेश के मौसम में व्यापक बदलाव देखा जा रहा है। शुक्रवार को उत्तरी बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश होने की उम्मीद है। शनिवार को दक्षिण बिहार के कुछ इलाकों में भी बारिश हो सकती है।

सामान्‍य से अधिक रहा तापमान

राजधानी में गुरुवार को अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है। राजधानी की हवा में आर्द्रता 75 फीसद रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य से 14 फीसद अधिक रही। पटना के अलावा गया व भागलपुर के तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गई।

समय से पहले गर्मी का दस्‍तक

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि इस वर्ष गर्मी ने समय से 15 दिन पहले ही प्रदेश में दस्तक दे दी है। ऐसे में पिछले कई दिनों से तापमान सामान्य से अधिक रह रहा था। जैसे ही बंगाल की खाड़ी में प्रति चक्रवात बना, प्रदेश में नमी आनी शुरू हो गई और मौसम में बदलाव दिखा। तापमान में शुक्रवार को काफी गिरावट आने की उम्मीद है।