Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR DESK/विवाह की चल रही थी बात, फंदे पर झूलकर युवती ने दी जान, तीन दिन बाद होनी थी शादी की तारीख पक्की - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, March 7, 2021

BIHAR DESK/विवाह की चल रही थी बात, फंदे पर झूलकर युवती ने दी जान, तीन दिन बाद होनी थी शादी की तारीख पक्की

Koshi Live:
भागलपुर। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के लब्बू पासी लेन परवत्ती मोहल्ले में शनिवार की शाम 20 वर्षीय युवती पूजा कुमारी ने फंदे से झूल खुदकुशी कर ली। उसका शव दो मंजिले मकान में कमरे में लटका मिला। घर वालों ने शव को फंदे से उतार कर बेड पर लिटा दिया। घटना की जानकारी विश्वविद्यालय थाने को दी। विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष श्रीकांत चौहान ने महिला पुलिस बल के सहयोग से शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पूजा के गले में रस्सी के दाग के अलावा आंख और गाल पर जख्म के हल्के निशान मिले हैं। पुलिस फिलहाल इसे खुदकुशी का मामला मान छानबीन में जुट गई है। खुदकुशी के कारणों का पता लगा रही पुलिस को प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि वह आने वाले रिश्ते को लेकर सहज नहीं चल रही थी।

इसको लेकर वह काफी तनाव में थी। प्रमोद साहनी की पुत्री पूजा हरियाणा के फराीदाबाद स्थित एकता नगर सेक्टर 27 सी के हाउस संख्या 101 में रहती थी। वहीं नौकरी करती थी। घर वाले उसकी शादी-विवाह की बात चला रहे थे। इसी सिलसिले में वह परवत्ती आई हुई थी। तीन दिन बाद लड़के वाले उसे देखने आने वाले थे। मोहल्ले के कुछ लोगों ने बताया कि पूजा हाल के दिनों में काफी तनाव से गुजर रही थी। छानबीन में जुटी पुलिस ने तीन-चार महिलाओं का बयान भी लिया है।

पुरानी काली माता स्थान के पीछे है पूजा का ननिहाल

लॉकडाउन के समय पूजा अपने ननिहाल आई थी। नाना चरण दास के यहां ही रह रही थी। रिश्ते की बातचीत को फाइनल टच देते हुए अब तिथि तय होनी थी कि पूजा ने खुदकुशी कर ली। पूजा की मौत से घर में कोहराम मच गया। महिलाएं दहाड़ मार कर रो रही थी। घर में उसके शादी की खुशियां छाने वाली थी कि उसके एक कदम ने मातम ला दिया।

2021 में अबतक खुदकुशी की आठ घटनाएं

जनवरी से अबतक दो माह के अंदर जिले में खुदकुशी की आठ घटनाएं सामने आ चुकी है। इसके पूर्व वर्ष 2020 में खुदकुशी के 63 मामले जिले में दर्ज किए गए थे जो लॉकडाउन काल में कोरोना से जिले में मरने वालों की संख्या को पीछे छोड़ दिया था। 2021 में इंजीनियङ्क्षरग कॉलेज के छात्र कबीर अहमद की खुदकुशी को तीन दिन बीते नहीं कि पूजा की खुदकुशी का मामला भी सामने आ गया।