बेगूसराय : बीते दो मार्च को सात लुटेरों ने मिलकर चेरियाबरियारपुर के आकोपुर स्थित यूको बैंक की शाखा से 5.86 लाख रुपये की लूट की घटना को अंजाम दिया था। लुटेरों की गिरफ्तारी व रुपये बरामदगी के लिए गठित विशेष अनुसंधानक दल ने लूटकांड के मास्टर माइंड समेत पांच लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं पुलिस टीम ने मात्र 21790 रुपये ही बरामद कर सकी। उक्त बातें एसपी अवकाश कुमार ने बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में लूटकांड का खुलासा करते हुए उक्त जानकारी दी है।
एसपी अवकाश कुमार ने बताया कि लूट में शामिल लुटेरों की गिरफ्तारी व लूट की रकम बरामद करने के लिए सदर डीएसपी राजन सिन्हा के नेतृत्व में विशेष अनुसंधानक दल का गठन किया गया था। दल ने घटना के एक माह के भीतर ही लूटकांड के मास्टरमाइंड भगवानपुर थाना क्षेत्र के चंदौर निवासी राजकुमार महतो के पुत्र नीरज कुमार उर्फ नीरज महतो को लूट में प्रयुक्त सफेद रंग की बाइक के साथ गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर टीम ने बछवाड़ा थाना क्षेत्र के रूदौली निवासी बद्रीनाथ झा के पुत्र ललित झा, भगवानपुर थाना क्षेत्र के वनवारीपुर निवासी रामदयाल के पुत्र अमित कुमार उर्फ मोनू, गोपाल शर्मा के पुत्र अंकुश कुमार व वनवारीपुर के चकदुल्लम निवासी रामबली चौरसिया के पुत्र भोला चौरसिया को लूट में प्रयुक्त तीन बाइक व 21790 रुपये नकद के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने लुटेरों के कपड़े व पांच मोबाइल भी बरामद कर लिया है। लूट में शामिल दो अन्य लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। टीम में सदर डीएसपी राजन सिन्हा, मंझौल डीएसपी सत्येन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में चेरियाबरियारपुर थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु डीएसपी रविशंकर, मंझौल पुलिस निरीक्षक दीपक कुमार, खोदावंदपुर थानाध्यक्ष दिनेश कुमार, मंझौल ओपी के पुअनि अजीत कुमार, रिफाइनरी ओपीध्यक्ष विवेक भारती, छौड़ाही ओपीध्यक्ष राघवेन्द्र कुमार, आसूचना शाखा के सिपाही प्रमोद कुमार समेत सशस्त्र चीताबल के जवान शामिल रहे।
सीसीटीवी में कैद सफेद बाइक से मास्टर माइंड तक पहुंची टीम:
एसपी अवकाश कुमार ने बताया कि लूटकांड के बाद पुलिस को संदेह समस्तीपुर जिले के लुटेरों पर था, लेकिन जांच के दौरान स्पष्ट हो गया कि लूट में शामिल सभी लुटेरे अपने जिले के ही हैं। अनुसंधान के दौरान सीसीटीवी फुटेज में दिख रही सफेद रंग की बाइक के संबंध में गुप्तचरों से सूचना मिली कि बाइक चंदौर निवासी एक बदमाश द्वारा इस्तेमाल किया जाता है। गुप्तचर की निशानदेही पर नीरज महतो को बाइक समेत गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने छह सहयोगियों के साथ मिलकर बैंक लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया जिसके बाद उसकी निशानदेही पर अन्य लुटेरों की गिरफ्तारी हो सकी। गिरफ्तार नीरज महतो पर पूर्व से भगवानपुर थाने में तीन संगीन मामले जबकि भोला चौरसिया के खिलाफ फुलवड़िया व भगवानपुर में दो मामले दर्ज हैं।
