भारत फाइनांस इनक्लूजन लिमिटेड कंपनी के एक कर्मी से रुपए और टैब की लूट के दौरान एक अपराधी को ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने पकड़ लिया। हालांकि उसका दूसरा साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पकड़े गए अपराधी की पहचान सहरसा बस्ती वार्ड संख्या-31 निवासी 24 वर्षीय अफलाक के रूप में कई गई। तलाशी में उसके पास से एक 7.65 एमएम का कारतूस बरामद किया गया। जबकि अंधेरे में उसने पिस्टल कहीं फेंक दिया। मामले में भारत फाइनांस इनक्लूजन लिमिटेड कंपनी के कर्मी खगड़िया जिले में मुफ्फसिल निवासी रितेश कुमार ने थाने में आवेदन देकर केस दर्ज कराया है। घटना गुरुवार देर शाम की है। थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल ने बताया कि आवेदन के आधार पर केस दर्ज कर कारतूस एवं मोटरसाइकिल को जब्त कर आरोपी को जेल भेजा जा रहा है।
महिला समूह से जमा लिए गए थे रुपए सिंहेश्वर शाखा में जमा करने जा रहे थे
आवेदन में पीड़ित कर्मी ने बताया कि गुरुवार की शाम को वह जीतपुर एवं परसा से महिला समूह से रुपए एकत्रित कर सिंहेश्वर शाखा में जमा करने जा रहे थे। इसी क्रम में जैसे ही वे सोनवर्षा पंचायत के बलवा गांव के पानी टंकी के पास पहुंचे कि एक बाइक पर सवार अपराधियों ने ओवरटेक कर उन्हें आगे से घेर लिया। जब उन लोगों ने उसे रोकने का प्रयास किया, तो वह नहीं रुका। इसके बाद अपराधी ने कमर से पिस्टल निकाल लिया और रितेश कुमार पर तान दिया। इससे वह डर से अपनी बाइक को छोड़ दिए। इसके बाद वे लोग बाइक की डिक्की में रखे क्लेक्शन किया हुआ 33,205 रुपए और टैब लेकर भागने लगे। हो-हल्ला मचाने पर ग्रामीण एवं पुलिस पहुचे। ग्रामीण एवं पुलिस के सहयोग से एक अपराधी को खदेड़कर पकड़ लिया गया।
