झूठी निकली माफा पेट्रोल पंप के पास लूट की घटना
पूर्णिया। कसबा थाना क्षेत्र के एनएच 57 स्थित माफा पेट्रोल पंप के पास सोमवार की देर शाम लूट की घटना झूठी निकली। लूट का मामला दर्ज कराने वाला चोला मंगलम फाइनेंस कंपनी के कर्मी संजीव यादव ने गबन की नीयत से लूट का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने मामले का 48 घंटे में उद्भेदन कर वादी सह फाइनेंस कंपनी के कर्मी संजीव कुमार को 89 हजार रुपये के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
एसपी दया शंकर ने बताया कि वादी ने ही योजनाबद्ध तरीके से लूट की साजिश रची थी। वे 2 लाख 32 हजार रुपये भरे बैग, मोबाइल आदि लूट का अज्ञात लुटेरों पर आरोप लगाया था। मामला दर्ज कर सदर डीएसपी आनंद कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। इसमें कसबा थानाध्यक्ष चंदन कुमार ठाकुर और केनगर थानाध्यक्ष मिथलेश कुमार के अलावा तकनीकी शाखा के पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया। वादी द्वारा बताए गये घटनाक्रम का जांच करने पर वादी संजीव कुमार यादव द्वारा बताये गये घटनाक्रम का समय नहीं मिला। इसके बाद वादी से कड़ाई से पूछताछ करने पर उनके द्वारा अपना अपराध स्वीकार किया और बताया कि वे स्वयं घटना को अंजाम दिया है। बताया कि घटना के दो दिन पूर्व ही घटना में लूटे गये रुपये का कलेक्शन किया गया था। इसमें से दो लाख चार हजार रुपये साथ काम करने वाले सहकर्मी को देकर शेष रुपये वे खर्च कर दिया। झूठे लूट कांड में लूटे गये मोबाइल टैब इत्यादि को घटना को सत्य दिखाने हेतु कहीं फेंक दिया गया था। पुलिस ने उसके द्वारा सहकर्मी को कर्ज के रूप में दिए गए 89 हजार रुपये उसे बुलाकर बरामद किया। वहीं गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
