Kosi Live-कोशी लाइव Bihar Board 10th Exam: पेपर वायरल होने पर मैट्रिक सामाजिक विज्ञान की प्रथम पाली की परीक्षा रद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, February 20, 2021

Bihar Board 10th Exam: पेपर वायरल होने पर मैट्रिक सामाजिक विज्ञान की प्रथम पाली की परीक्षा रद

कोशी लाइव डेस्क:

पटना : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने शुक्रवार को प्रथम पाली की परीक्षा रद कर दी है। प्रथम पाली की सामाजिक विज्ञान की परीक्षा अब आठ मार्च को आयोजित की जाएगी। शुक्रवार को प्रथम पाली की परीक्षा के प्रश्न पत्र वायरल हो गया था, जिसकी बोर्ड द्वारा जांच कराई गई तो सही पाया गया। प्रश्न पत्र जमुई के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के झाझा ब्रांच से आउट होने की सूचना है। प्रश्न पत्र जैसे ही आउट होने की सूचना बोर्ड को मिली, बोर्ड ने तत्काल वहां के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को मामले की जांच करने का निर्देश दिया है।

BSEB/मैट्रिक परीक्षा रद्द/खुलासा:SBI ब्रांच के सफाईकर्मी ने फोटो खींच अपने रिलेटिव को भेजा, 3 गिरफ्तार; अब 8 मार्च को होगा यह पेपर

संविदा पर काम करने वाले कर्मी की हो सकती है संलिप्तता



जांच के क्रम में पाया गया कि बैंक में संविदा पर काम करने वाले कर्मी विकास कुमार की संलिप्तता हो सकती है। इसके अलावा बैंककर्मी शशिकांत चौधरी, अजीत कुमार, एवं अमित कुमार सिंह की भी कर्तव्यपालन में घोर लापरवाही पाई गई। उनकी भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है। जांच में पाया गया कि शुक्रवार की सुबह परीक्षा शुरू होने से पहले एसबीआइ झाझा से प्रश्न पत्र निकालकर फोटो खींचकर उसे व्हाट्सअप पर भेजा गया है। वायरल प्रश्न पत्र का क्रमांक 111-0470581 है। यह प्रश्न पत्र बोर्ड ने जमुई में भेजा था। इस मामले में परीक्षा समिति ने प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है। साथ ही पुलिस द्वारा मामले की छानबीन की जा रही है।


प्रथम पाली में 8,46,504 परीक्षार्थी हुए थे शामिल



जांच में यह भी पाया गया कि प्रश्न पत्र वायरल करने वाले विकास कुमार का संबंधी भी मैट्रिक की परीक्षा में शामिल है। बोर्ड ने सभी मामले की जांच के उपरांत मैट्रिक की प्रथम पाली की परीक्षा रद कर दी है। प्रथम पाली की परीक्षा में 8,46,504 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। समिति के निर्देश पर प्रश्न पत्र आउट करने के मामले में मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। अब तक जमुई के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपी गई है। विस्तृत जांच रिपोर्ट मांगी गई है।