Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा:लूट:बंधन बैंककर्मी को लूट के दौरान मारी गोली - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, February 16, 2021

मधेपुरा:लूट:बंधन बैंककर्मी को लूट के दौरान मारी गोली


मधेपुरा-सिंहेश्वर के बीच पथराहा में सोमवार को कलेक्शन कर लौट रहे बंधन बैंककर्मी को बेखौफ अपराधियों ने लूटपाट के दौरान गोली मार दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल कर्मी को स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डीएमसीएच दरभंगा रेफर कर दिया गया। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि बंधन फाइनेंस बैंक कर्मी सिंहेश्वर से रुपए कलेक्शन कर मधेपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से रेकी कर रहे बेखौफ अपराधियों ने पथराहा में बैंककर्मी को हथियार का भय दिखाकर रुपए लूटना चाहे। लेकिन बैंककर्मी ने हिम्मत दिखाई और इसका विरोध कर चिल्लाने लगे। शोर-शराबा सुन स्थानीय लोग दौड़ पड़े। लोगों को आता देख अपराधियों ने बैंककर्मी को गोली मार दी और बाइक पर सवार होकर हथियार लहराते हुए फरार हो गए।

सदर पुलिस कर रही है मामले की जांच
गोली बैंककर्मी के दाहिने जांघ में लगी है। जिसके बाद घायल को स्थानीय लोगों के द्वारा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची सदर थाने की पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी। बताया गया कि गोली दाहिनी जांघ में फंस गई है, इस वजह से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों ने घायल को डीएमसीएच दरभंगा रेफर कर दिया गया। इस मामले में घायल बैंककर्मी मुकेश कुमार मंडल ने बताया कि वह अपने एक सहयोगी के साथ मोटरसाइकिल पर सिंहेश्वर से कलेक्शन कर मधेपुरा ऑफिस लौट रहे थे। इसी दौरान स्प्लेंडर बाइक पर हल्के लाल रंग का टी-शर्ट पहने दो अपराधियों ने बाइक रोककर हथियार के बल पर रुपए लूटना चाहे। लेकिन विरोध किया तो उन्होंने गोली मार दी और हथियार लहराते हुए फरार हो गए। हालांकि इस क्रम में अपराधी रुपए नहीं लूट पाए। क्योंकि शोर-शराबा एवं गोली की आवाज सुन स्थानीय लोग काफी संख्या में मौके पर पहुंच गए। जिसके कारण अपराधियों को भागना पड़ा।