Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR POLITICS/लोजपा में बड़ी टूट, एक साथ 131 नेता जदयू में हुए शामिल, चिराग पासवान का कच्‍चा चिट्ठा खोल जेल भेजने का किया एलान - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, February 18, 2021

BIHAR POLITICS/लोजपा में बड़ी टूट, एक साथ 131 नेता जदयू में हुए शामिल, चिराग पासवान का कच्‍चा चिट्ठा खोल जेल भेजने का किया एलान

कोशी लाइव डेस्क:

पटना, राज्य ब्यूरो । दशकों से लोजपा की तकदीर बदलने में सक्रिय पार्टी के 131 नेताओं ने गुरुवार ( 18 फरवरी ) को जदयू प्रदेश कार्यालय में जदयू की सदस्यता हासिल कर ली। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा की मौजूदगी में लोजपा के स्थापना काल से जुड़े कई नेताओं ने चिराग पासवान को खूब कोसा। भ्रष्टाचार के संगीन आरोप लगाते हुए कहा कि चिराग पासवान जेल जाएंगे। चिराग के बारे में लोजपा नेताओं ने यह जानकारी दी कि उनके नाम से आठ कंपनियां हैं और चार ट्रस्ट का जिम्मा उनके पास है।

131 नेताओं ने एक साथ जदयू का अंगोछा बांध लिया

लोजपा में स्थापना काल से जुड़े पार्टी के प्रदेश महासचिव दीनानाथ क्रांति, केशव सिंह, रामनाथ रमण, पारस नाथ गुप्ता, कौशल किशोर सिंह कुशवाहा, सुभाष पासवान, विष्णु पासवान, नीता सिंह सहित लोजपा के 131 पदधारकों ने जदयू प्रदेश कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में नीतीश कुमार और आरसीपी सिंह जिंदाबाद के नारे लगाते हुए जदयू का अंगोछा बांध लिया।

पिता रामविलास पासवान की माैत पर भी चिराग को घेरा

लोजपा नेताओं ने तो रामविलास पासवान की मौत पर भी चिराग पासवान को घेर लिया। रामनाथ रमण ने कहा कि अस्पताल में रामविलास पासवान को कैद कर रखा गया। अगर जांच हुई तो चिराग जेल चले जाएंगे। केशव सिंह ने कहा कि चिराग पासवान आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। चार ट्रस्ट और आठ कंपनियों के मालिक हैं। शेर भी पढ़ डाला कि -हमने सिखाया जिनको चलना संभल-संभल के, मिलते हैं वो भी मुझसे तेवर बदल-बदल के। यह घोषणा भी कर डाली कि हर महीने की अठारह तारीख को लोजपा से कोई न कोई जदयू में शामिल हो जाएगा।

आरसीपी ने कहा, पार्टी इनका ख्‍याल रखेगी

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने इस मौके पर कहा कि जो भी लोग आज जदयू में हैं उनमें क्षमता है। जो लोग आज शामिल हुए हैं उनके आने से जदयू और मजबूत होगा। पार्टी इनके मान-सम्मान का ख्याल रखेगी।

मिलन समारोह का संचालन जदयू के मुख्य प्रवक्ता संजय सिंह ने किया। प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, पूर्व मंत्री महेश्वर हजारी व कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा भी इस मौके पर मौजूद थे।