पिस्टल का भय दिखाकर एक नाबालिग से करीब दो साल तक यौन शोषण करने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में किशोरी की मां और पिता की ओर से स्नेहल कुमार निवासी पुरंदरपुर के खिलाफ राजधानी पटना के जक्कनपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस आरोपित की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पीड़ित परिजनों का आरोप है कि आरोपित शातिर किस्म का है। मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी देता रहा है। केस दर्ज कराने के बाद वह किसी भी समय अनहोनी घटना को अंजाम दे सकता है। परिजनों का यह भी कहना है कि आरोपित पूर्व में जेल भी जा चुका है।
जक्कनपुर थाना प्रभारी मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि स्नेहल के घर पर छापेमारी की गई, लेकिन वह फरार मिला। पुलिस ने उसके एक परिजन को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
