पटना, राज्य ब्यूरो । राज्य सरकार मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत उच्चतर शिक्षा के बढ़ावा देने के लिए वित्तीय वर्ष 2021-22 से इंटर पास करने वाली अविवाहित लड़की को 25 हजार, और स्नातक या इसके समकक्ष पास करने पर 50 हजार की आर्थिक सहायता देगी। मंगलवार ( 2 फरवरी) को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गयी।
इसके अलावा कॉन्ट्रैक्ट कर्मियों के लिए बड़ा फैसला लिया गया है। संविदा कर्मियों को सरकारी नौकरी में वेटेज मिलेगा । उनकी सेवानिवृत्ति उम्र भी 60 साल तय की गई है।
पूर्व मुख्यमंत्री और हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने कैबिनेट के इस फैसले के लिए ट्वीट कर सीएम नीतीश कुमार का धन्यवाद किया है।

चीनी उद्योगों को राहत
एक अन्य फैसले में गन्ना उद्योग विभाग के प्रस्ताव पर चर्चा के बाद मंत्रिमंडल ने चीनी उद्योग के समक्ष उत्पन्न संकट को देखते हुए चीनी मिलों को आर्थिक पैकेज के रूप में पेराई सत्र 2019- 20 बीच में क्रय किए गए गन्ने पर क्षेत्रीय विकास परिषद कमीशन की दर को ईख मूल्य के दर का 1.80 फीसद से घटाकर 0.20 फीसद के रूप में पुनः निर्धारित करने की स्वीकृति दे दी है।
208 अकादमिक एवं प्रशासनिक पदों का सृजन
मंत्रिमंडल ने पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय किशनगंज के लिए 208 अकादमिक एवं प्रशासनिक पदों के सृजन का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया है। स्वास्थ्य विभाग के प्रस्ताव पर मंत्रिमंडल ने लगातार सेवा से गायब रहने वाले 6 डॉक्टरों को सेवा से बर्खास्त करने की मंजूरी भी दी है।
पार्को का देखभाल और डेवलपमेंट करेगा वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग। सूबे के सभी नगर निकाय क्षेत्रों के पार्को को मिलेगा लाभ।
