सीएमएसकर्मी से बाइक सवार बदमाशों ने लूटे 3.79 लाख
सहरसा। सदर थाना क्षेत्र के सर्वा ढ़ाला के समीप सोमवार को सीएमएस (कैश मैनेजमेंट सिस्टम) इंफ्रा सिस्टम के कर्मी से बाइक सवार बदमाशों ने हथियार के बल पर तीन लाख 79 हजार रुपये लूट लिया। सूचना पर सदर एसडीपीओ संतोष कुमार और थानाध्यक्ष राजमणि पहुंचे और छानबीन शुरू की। पुलिस घटना को संदेहास्पद मान रही है जबकि कर्मी से भी पूछताछ में जुटी है।
कर्मी गांधी पथ के निवासी नवीन कुमार ने बताया कि दो दिनों पहले उन्होंने एक लाख 77 हजार रुपये की वसूली की थी लेकिन बैंक बंद रहने के कारण उसे अपने पास रखे हुए थे। सोमवार को मंत्रा व ब्लूकार्ट के कार्यालय से वसूली कर झपड़ा टोला होते हुए एक्सिस बैंक में तीन लाख 79 हजार रुपये जमा करने बाइक से जा रहे थे। सर्वा ढाला के समीप बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर बाइक रोक लिया और हथियार दिखाते हुए रुपये लूटकर भाग गया। विरोध करने पर बाइक से गिरा दिया। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन कर कर्मी से पूछताछ की। मामला संदेहास्पद प्रतीत होने पर पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह ने भी कर्मी से पूछताछ की। सदर थाना पुलिस दिनभर इस मामले के खुलासे में जुटी रही। हालांकि कोई ठोस सफलता हासिल नहीं हो सकी। इधर, दिनदहाड़े लूट की वारदात होने से लोगों में भय का माहौल है। मामले में डीएसपी मुख्यालय बृजनंदन मेहता ने बताया कि प्रथमद्रष्टया मामला संदेहास्पद लग रहा है। वैसे, छानबीन की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
