कोशी लाइव मधेपुरा:
जिला मुख्यालय के वार्ड संख्या-सात में गुरुवार की रात पुलिस ने छापेमारी कर एक देसी पिस्तौल समेत दो जिंदा कारतूस के साथ राजू कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सदर थानाध्यक्ष को दिए गए आवेदन में दारोगा अरुण कुमार सिंह ने कहा है कि गुरुवार की दोपहर प्रभारी थानाध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर ने बताया कि मधेपुरा कॉलेज मोड़ के पास एक युवक हथियार दिखाकर लोगों को डरा-धमका रहा है। निर्देशानुसार सत्यापन तथा आवश्यक कार्रवाई करने हेतु कमांडो दस्ता के साथ जैसे ही मधेपुरा काॅलेज मोड़ के पास पहुंचे तो एक युवक कॉलेज की तरफ भागा। जिसे कमांडो द्वारा पकड़ लिया गया। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से कुछ बरामद नहीं हुआ। युवक को पकड़कर थाने लाया गया। कड़ाई से पूछताछ के दौरान युवक ने बताया कि वह अपने घर में हथियार छिपाकर रखा है। देर शाम पुलिस बल के साथ युवक की निशानदेही पर जब उसकी घर की तलाशी ली गई तो वहां से एक देसी पिस्तौल समेत दो जिंदा कारतूस बरामद किया गया। जब उससे हथियार का कागजात मांगा गया तो उसने कुछ भी दिखाने से इंकार कर दिया। केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
