26 जनवरी को पुलिस लाइन में सम्मानित किए गए शंकरपुर के थानाध्यक्ष श्रीकांत शर्मा को एसपी योगेंद्र कुमार ने लाइन हाजिर कर दिया। राजकिशोर मंडल को नया थानाध्यक्ष बनाया गया। बताया जा रहा है कि शंकरपुर थाना क्षेत्र में पिछले दिनों हुए शिक्षक हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हाेने की वजह से यह कार्रवाई हुई है। दूसरी ओर, शुक्रवार को नए थानाध्यक्ष के रूप में दारोगा राजकिशोर मंडल ने पदभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर उन्हाेंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता क्षेत्र में शांति स्थापित करना, अपराध पर पूरी तरह लगाम लगाना व पुलिस और पब्लिक के बीच अच्छा संबंध स्थापित करना है। उन्होंने इसके लिए क्षेत्र के लोगों को भी पुलिस की मदद करने की अपील की। थानाध्यक्ष ने कहा कि किसी भी सूरत में क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले बख्शे नहीं जाएंगे। अच्छे लोगों का सम्मान करना व अशांति फैलाने वालों लोगों तथा आपराधिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करना पुलिस की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने अपना व्यक्तिगत मोबाइल नंबर 9199080607 जारी करते हुए कहा कि लोग बेहिचक उक्त नंबर पर भी किसी भी प्रकार की सूचना दे सकते हैं।
