कोशी लाइव/ट्रेन से कटा बस मालिक का बेटा:रेलवे लाइन क्रॉस करने के दौरान सामने से आ गई ट्रेन, बचने के लिए पटरी पर पेट के बल लेट गया, लेकिन ऊपर से गुजर गई 'मौत'
बेगूसराय-कटिहार रेलखंड पर ट्रेन की चपेट में आने से बस मालिक के बेटे की मौत हो गई है। घटना बेगूसराय रेलवे स्टेशन स्थित प्लेटफार्म नंबर एक के पूर्वी छोर सिंगल के निकट की है। मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के अशोक नगर पोखरिया निवासी इंद्रदेव सिंह के 40 वर्षीय पुत्र अमर सिंह के रूप में की गई है। मृतक के बड़े भाई प्रिंस कुमार ने बताया कि अमर दोपहर 2:30 बजे लोहिया नगर से ट्रैफिक चौक स्थित अपनी मोबाइल की दुकान पर जा रहे थे। एक रुकी हुई मालगाड़ी को पार कर के प्लेटफॉर्म नम्बर एक की पटरी को क्रॉस कर रहे थे तभी पैर फिसलने से वे गिर पड़े। गिरने के बाद उनकी नजर खगड़िया की तरफ से आती हुई इंटरसिटी पर पड़ी। उस ट्रेन से बचने के लिए पटरी के बीच में यह सोचकर पेट के बल लेट गए कि ट्रेन बिना नुकसान किए ऊपर से गुजर जाएगी, लेकिन ट्रेन की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सहरसा-राजेंद्र नगर इंटरसिटी एक्सप्रेस (अप) के गुजरने के क्रम में वे हादसे का शिकार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय रेलवे GRP ने मौके पर पहुंचकर लाश को अपने कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया गया।
3 मई 2020 को हुई थी शादी
अमर सिंह की शादी 3 मई 2020 को रामदीरी के नकटी टोला में हुई थी। अमर के पिता इंद्रदेव सिंह मां चंद्रिका बस के मालिक हुआ करते थे, जिनकी अपराधियों ने बेरहमी से हत्या कर दी थी।

