सहरसा। सहरसा-मधेपुरा मुख्य मार्ग स्थित मिक्सर प्लांट बैजनाथपुर के पास सोमवार की सुबह करीब पांच बजे बरातियों से लदी बस गडढे में पलट गई। इस हादसे में कई बाराती जख्मी हो गये। बस में करीब 25 से 30 बाराती सवार थे। जख्मी बरातियों को इलाज के लिए सहरसा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुर्घटना की वजह घना कोहरा बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि सुबह सड़क पर घना कुहासा था। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर भाग गया। बस के पलटते ही बरातियों में चीख पुकार मच गयी। जख्मी दर्द के मारे तड़पने लगे। आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने बस के अंदर से सभी बारातियों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी जख्मी को इलाज के लिए सदर अस्पताल सहरसा भेजा गया। बैजनाथपुर पुलिस तीन घंटे के बाद घटनास्थल पहुंची और घटना की जानकारी लेते हुए ग्रामीण चौकीदार मोहम्मद अली हसन को बस की सुरक्षा में लगा दिया गया। बस पर सवार बच्चा राम, ज्ञानी राम, मुकेश कुमार समेत दर्जनों बारातियों जख्मी हो गए। बाराती से लदी बस बीआर 07 पीए 5494 दरभंगा जिला के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के तुमोल गांव निवासी अरुण सिंह के घर से मधेपुरा जिला के जीतापुर गांव गई थी। वहां से लौटने क्रम में ज्यादा कुहासा होने के कारण चालक ने बस पर नियंत्रण खो दिया।
