Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA/मधेपुरा:नौ दिनों से गायब ऑटो चालक का मिला शव - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, December 26, 2020

MADHEPURA/मधेपुरा:नौ दिनों से गायब ऑटो चालक का मिला शव


मधेपुरा। उदाकिशुनगंज अनुमंडल मुख्यालय के एसडीजेएम कोर्ट के पीछे शुक्रवार को एक युवक का शव बरामद किया गया। शव की पहचान ऑटो चालक के रूप में हुई है। वह आलमनगर थाना क्षेत्र के मधेली गांव का रहने वाला था।

ऑटो चालक राजेश भगत (35) महावीर भगत का पुत्र था। स्वजन के मुताबिक 17 दिसंबर को ही ऑटो ठीक कराने उदाकिशुनगंज आया था। उसी दिन से ऑटो चालक घर वापस नहीं लौटा। उसके बाद उदाकिशुनगंज थाने में 22 दिसंबर को ऑटो चालक की मां ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी का अनुसंधान एएसआइ गणेश पासवान कर रहे हैं। शुक्रवार को किसी ने शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी, जहां से पुलिस ने शव को बरामद किया। क्षत-विक्षत शव होने के कारण पहचान कराई गई। शव की पहचान ऑटो चालक के रूप में हुई। उसके बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं पर स्वजन भी पहुंचे। शव की पहचान होते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। स्वजनों ने बताया कि 17 दिसंबर की देर शाम तक राजेश घर नहीं पहुंचा तो खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सही जानकारी नहीं दे रहा था। मामले को लेकर मृतक की मां ने थाने में आवेदन देकर गुमशुदगी की सूचना लिखाई थी। मृतक अपने पीछे तीन लड़का एक लड़की छोड़ गया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। उसके बाद घर वालों द्वारा क्षतिग्रस्त शव की पहचान राजेश के रूप में की। मृतक के परिजनों के अनुसार उदाकिशुनगंज में एक दोस्त ने ही शराब और मुर्गा खिला कर मौत के घाट उतार दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधेपुरा भेज दिया है। जहां से शव बरामद हुआ है वह परिसर अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी व जजों के कार्यालय व आवासीय भवन है। थानाध्यक्ष

शशिभूषण सिंह ने बताया कि बताया कि मामले में एक महिला को हिरासत में लिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।