वाहन चेकिंग तथा छापेमारी के दौरान सोमवार को मधेपुरा पुलिस ने अंतर जिला आपराधिक गिरोह के एक सदस्य समेत चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधियों के पास से मैगजीन समेत एक देसी पिस्टल, दो देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल तथा एक बाइक बरामद की गई। पुलिस अपराधियों के आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है। उक्त बातें एसपी योगेंद्र कुमार ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कही। एसपी ने बताया कि साेमवार की सुबह मधेपुरा प्रखंड के नजदीक वाहन चेकिंग के दौरान सदर पुलिस ने दो व्यक्तियों को एक अवैध देसी पिस्तौल तथा दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। इस दौरान बाइक संख्या-बीआर-19-आर-3925 भी जब्त कर ली गई। पुलिस दोनों के पास से तीन मोबाइल भी जब्त की। मोबाइल नंबरों की पड़ताल की जा रही है। इस आलोक में मधेपुरा सदर थाने में दोनों के खिलाफ कांड संख्या-936/20 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी गई है। पूछताछ के दौरान अपराधियों ने अपना नाम साहिल कुमार तथा पारस कुमार बताया। साहिल घैलाढ़ ओपी क्षेत्र के महुआ वार्ड संख्या-11 निवासी संजीव कुमार सिंह का पुत्र बताया जा रहा है जबकि दूसरा अपराधी पारस कुमार गोविंद सहरसा जिले के सौर बाजार थाना क्षेत्र के धवौली निवासी राजेश कुमार सिंह का पुत्र है। उसकी निशानदेही पर छापेमारी के दौरान घैलाढ़ ओपी क्षेत्र के महुआ वार्ड संख्या-13 निवासी ज्योति प्रसाद सिंह के पुत्र नवनीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
दो थानों की हर रोज हो रही है समीक्षा
अपराध नियंत्रण के साथ-साथ पुलिस लंबित कांडों के निष्पादन में भी तेजी ला रही है ताकि पीड़ितों को जल्द न्याय मिल सके। इसके लिए हर रोज दो थानों में लंबित कांडों की समीक्षा की जा रही है और उसके निष्पादन में आ रही परेशानियों को दूर किया जा रहा है। घटनाओं को रोकने के लिए गश्ती को तेज किया गया है। सभी डीएसपी, इंस्पेक्टर, दारोगा तथा चौकीदारों को निर्देश दिया गया है कि वे स्वयं सड़क पर उतर कर गश्त करें। लगातार की जा रही गश्ती का भी सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है।
चल रही है जांच
गिरफ्तार आरोपियाें के बयान पर पुलिस ने अपराधी बिम्पल कुमार के भाई अमित कुमार को घैलाढ़ ओपी क्षेत्र के महुआ वार्ड संख्या-12 स्थित उसके आवास पर छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया। वह संजय यादव का पुत्र बताया जा रहा है। उसके घर से दो देसी कट्टा बरामद किया गया है। पुलिस इस बात की तहकीकात कर रही है कि आखिर ये अपराधी हथियार कहां से लाते हैं। अमित के खिलाफ सदर थाना में कांड संख्या-940/20 दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। प्रेसवार्ता के दौरान सदर थानाध्यक्ष सुरेश प्रसाद सिंह तथा घैलाढ़ ओपी प्रभारी रामनारायण यादव भी मौजूद थे।
