कोसी क्षेत्र के लोगों के लिए लिए खुशखबरी। अगले माह यानी साल यानी वर्ष 2021 के शुरुआत में हीं आसनपुर कुपहा-निर्मली नई रेललाइन कोसी प्रमंडलीय मुख्यालय सहरसा और सुपौल से जुड़ जाएगा। आसनपुर कुपहा से निर्मली तक पटरी बिछाने के बाद रेल निर्माण विभाग वेल्डिंग का काम करने में जुटा है। हालांकि छह किलोमीटर लंबी नई बड़ी रेललाइन पर आसनपुर कुपहा से निर्मली तक इसी माह से मालगाड़ी दौड़ने लगेगी।
मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण ब्रजेश कुमार ने कहा कि वेल्डिंग का काम चार दिनों में पूरा हो जाएगा। आसनपुर कुपहा-निर्मली नई रेललाइन पर 15 दिसंबर के बाद मालगाड़ी चलने लगेगी। टेम्पिंग मशीन भी चलाई जाएगी। सीएओ ने कहा कि आसनपुर कुपहा-निर्मली नई रेललाइन आमान परिवर्तन कार्य का 15 जनवरी के बाद सीआरएस निरीक्षण कराने की योजना है। सीआरएस की रिपोर्ट के आधार पर रेलवे बोर्ड इस रेलखंड पर ट्रेन सेवा शुरू करने के संबंध में नोटिफिकेशन जारी करेगा। बता दें कि अभी सहरसा से आसनपुर कुपहा तक डेमू ट्रेन चल रही है। मिथिलांचल के निर्मली तक ट्रेन सेवा बहाल होने के बाद बड़ी आबादी का आवागमन सुलभ हो जाएगा। संभावना है कि सहरसा-आसनपुर कुपहा ट्रेन का ही विस्तार निर्मली तक कर दिया जाय। आसनपुर कुपहा-निर्मली आमान परिवर्तन कार्य तेजी से पूरा हो उसके लिए चीफ इंजीनियर निर्माण ए. के. राय और डिप्टी चीफ इंजीनियर डी. एस. श्रीवास्तव लगातार कैम्प किए हुए हैं।
राघोपुर-ललितग्राम लाइन पर 10 बड़े और 30 छोटे पुल का निर्माण
अगले माह जनवरी से तमुरिया और ललितग्राम तक मालगाड़ी दौड़ने लगेगी। मुख्य प्रशासनिक अधिकारी ने कहा कि तमुरिया-निर्मली (26 किमी) रेलखंड पर सर्विस ट्रैक बिछ गया है। 260 मीटर लंबी लाइन बिछाने का काम बचा है। उन्होंने कहा कि इस रेलखंड पर भूतिया बलान सहित तीन बड़े पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। कार्य प्रगति पर है और जनवरी में भूतिया बलान पुल का काम पूरा होते ही मालगाड़ी तमुरिया स्टेशन तक पहुंच जाएगी। उन्होंने कहा कि जनवरी में ही ललितग्राम तक मालगाड़ी पहुंच जाएगी। राघोपुर-ललितग्राम(20 किमी) लाइन पर 10 बड़े और 30 छोटे पुल का निर्माण पूरा कर लिया गया है। लिंकिंग का काम पूरा कर लिया गया है। पुल नंबर 38 का फाइनल काम पूरा होते ही यह रेलखंड गाड़ी चलाने लायक तैयार हो जाएगा।
दरभंगा से कम समय में जुड़ जाएगा सहरसा और सुपौल
तमुरिया तक ट्रेन सेवा बहाल होने के बाद कम समय में दरभंगा से सहरसा और सुपौल जुड़ जाएगा। कम समय और कम खर्च पर कोसी-मिथिलांचल क्षेत्र में रेलमार्ग से आवाजाही की सुविधा मिलने लगेगी। अभी मानसी, समस्तीपुर के रास्ते ट्रेन से दरभंगा जाने में लगना वाला समय घटकर आधा रह जाएगा।
आमान कार्यों का हाल देखने आएंगे महाप्रबंधक
कोसी और मिथिलांचल क्षेत्रों में चल रहे आमान परिवर्तन कार्यों का हाल देखने पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक ललितचन्द्र त्रिवेदी आएंगे। महाप्रबंधक के निरीक्षण की संभावित तिथि 11 दिसंबर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि सहरसा होकर जीएम निर्मली और ललितग्राम में चल रहे आमान परिवर्तन कार्यों का निरीक्षण करने जाएंगे।
