बिहार के लखीसराय जिले में टाउन थाना क्षेत्र के जोकमैला गांव में सोमवार देर रात आपसी विवाद में एक पति ने अपनी बेटी के सामने पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्यारोपी पति को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मंगलवार की सुबह घटनास्थल पर पहुंची टाउन थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। वहीं हत्यारोपी पति से पूछताछ की जा रही है।
मृतका की आठ वर्षीय बेटी शरारती कुमारी ने पुलिस को बताया कि सोमवार की देर रात खाना परोसने को लेकर जोकमैला निवासी तारका देवी (55) का पति भागीरथ केवट से विवाद हो गया था। देर रात भागीरथ ने तारका को खाना परोसने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया।
सुबह होने पर स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी हुई। तब लोगों ने आरोपी को पकड़ पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने बताया कि पति-पत्नी पंजाब में रहकर मजदूरी करते थे। कुछ दिन पहले ही पंजाब से वापस आए थे। जनवरी में पुन: दोनों पंजाब जाने वाले थे।
ग्रामीणों के अनुसार घटना के वक्तत आरोपी नशे की हालत में था। टाउन थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया मृतका की पुत्री के बयान पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
