खगडिय़ा। दबंगों ने खगडिय़ा में एक युवक को पहले ट्रैक्टर से खींच कर बुरी तरह पीटा, इतने से भी जब उसका जी नहीं भरा तो उसने घर में घुसकर गोली मार दी। इस दौरान बचाव करने पहुंचे अन्य लोगों को भी दबंगों ने गाली-गलौज किया। आनन-फानन में स्वजनों ने उसे इलाज के लिए सीएचसी परबत्ता में भर्ती कराया। लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद यहां से डॉक्टरों ने रेफर कर दिया।
घटना परबत्ता थाना क्षेत्र के सलारपुर गांव की है। जख्मी युवक बलवीर ट्रैक्टर पर मिट्टी लोड कर दियारा से गांव की ओर आ रहा था। इसी दौरान शराब के नशे में धुत पशुपति यादव ने जबरन ट्रैक्टर रुकवा कर चाभी छीन ली। चाभी को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
गांव में तनाव का माहौल
इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। हालांकि कोई भी पशुपति यादव के खिलाफ बोलने को तैयार नहीं है। दरअसल, वह शराब पीकर अक्सर ऐसा ही करता है। उसका लंबा आपराधिक इतिहास है। वहीं, गोगरी एसडीपीओ पीके झा ने बताया कि सलारपुर में गोलीबारी की सूचना मिली है। पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है। बलवीर कुमार को दाहिने पैर में गोली लगी है।आरोपित पशुपति यादव आपराधिक प्रवृति का है। कुछेक महीने पहले जेल से निकला है।
