= डीएम के आदेश बाद केस दर्ज, हड़कंप
= विभागीय जेई व एई पर भी कार्रवाई के निर्देश
= शेरचकला की घटना से खुली नल जल योजना की पोल
खगड़िया : जिले के गोगरी प्रखंड अंतर्गत शेरचकला पंचायत स्थित वार्ड नंबर- नौ, गांधीनगर में हर घर नल जल योजना के तहत बनाए गए जलमीनार गिर जाने के मामले में डीएम के आदेश पर संवेदक के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। जेई व एई पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इस मामले में सहायक अभियंता प्रिस कुमार ने नल जल योजना के संबंधित संवेदक एजेंसी मां वैष्णवी इंजीनियरिग प्रा. लि. के मैनेजिग डायरेक्टर प्राणेश और डायरेक्टर रविशंकर कुमार के विरुद्ध केस दर्ज कराते हुए निर्माण में अनियमितता व गुणवत्ता विहीन कार्य करने का आरोप लगाया है। जिसमें रविवार की घटना का जिक्र किया गया है।
======
क्या है मामला
शेरचकला पंचायत के वार्ड नौ- गांधीनगर में हर घर नल जल योजना के तहत संवेदक ने जैसे-तैसे 10 हजार लीटर क्षमता वाली जलमीनार बनाकर ऊपर टंकी लगा दिया। घरों तक पाइप भी बिछाई गई। परंतु, बीते रविवार को जैसे ही ट्रायल के लिए टंकी में पानी भरा गया, वैसे ही जलमीनार की ऊपरी भाग टूट गई। जिस पर लगा पानी टंकी भी फट गया। खंभे व लोहे के पोल गिरने से आसपास बंधे कुछेक मवेशी घायल हो गए। यह शुक्र था कि उस समय आसपास लोग नहीं थे। मामले की जानकारी बाद बीडीओ अजय कुमार ने जलमीनार का निरीक्षण किया। जिसमें निर्माण कार्य में त्रुटि पाई गई। ग्रामीणों ने बीडीओ को बताया कि घटिया व गुणवत्तापूर्ण कार्य देखकर पूर्व में संवेदक व विभागीय अधिकारी को भी इसकी जानकारी दी गई थी, परंतु इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। जलमीनार ट्रायल में ही गिर पड़ा। बीडीओ ने कहा कि उन्होंने इसकी जानकारी जिला पदाधिकारी को दे दी थी। इधर मामले में जिला पदाधिकारी आलोक रंजन घोष ने कहा कि संवेदक के विरुद्ध पसराहा थाना में केस दर्ज किया गया है। मामले में विभाग के जेई और एई पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
