सहरसा। बसनही थाना क्षेत्र के बिजुलिया गांव में संदिग्ध स्थिति में सोमवार की रात एक बंद कमरे से वार्ड सदस्य का शव फंदे से लटका बरामद किया गया। इसकी सूचना दिए जाने पर बसनही थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, मोकमा पंचायत के बिजुलिया गांव के वार्ड नंबर 10 की वार्ड सदस्या नीलम कुमारी सोमवार की शाम अपने घर से नदी के उस पार स्थित अपने नए घर पर जाने के लिए अकेले निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर स्वजनों को लगा कि मध्य विद्यालय के प्रांगण में आयोजित काली पूजा का मेला देखने गई होगी, लेकिन देर रात तक वापस नही लौटने पर उसकी खोजबीन शुरू की जाने लगी। इस दौरान वार्ड सदस्य का शव नदी के पार स्थित बने नए घर के एक कमरे से फंदे के सहारे लटकता मिला। इसके बाद घटना की सूचना बसनही थाना पुलिस को दिए जाने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर घटना के बाद मृतका के मायके वाले भी बिजुलिया गांव पहुंचकर हत्या किए जाने की आशंका जता रहे हैं। हालांकि समाचार प्रेषण तक थाने में आवेदन नहीं दिया गया है और मृतका के ससुराल पक्ष वाले मामले को खुदकुशी का मामला बता रहे हैं। बताते चले कि मृतका के पति विरेन्द्र सहनी का करीब दो वर्ष पूर्व बीमारी से मौत हो गई थी जिसके बाद से महिला अपने ससुराल में ही ससुर देवो सहनी, सास कौशल्या देवी तथा अपने दो पुत्र आदित्य कुमार एवं अमर कुमार के साथ रहती थी। नदी के दूसरी ओर बिजुलिया गांव में ही अपने नए मकान पर घरेलू सामानों को रखने या लाने के लिए अक्सर जाया करती थी।
थानाध्यक्ष श्वेत कमल ने बताया कि वार्ड सदस्य का शव एक खिड़की के सहारे लटका पाया गया था। प्रथम²ष्टया हत्या का मामला जान पड़ता है इसलिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी।
