सदर थाना अंतर्गत मठाही ओपी क्षेत्र के सहुगढ़ नहर के समीप शनिवार की देर शाम लगभग 7:30 बजे आरबीएल फाइनेंस कंपनी के कर्मी से हथियारबंद अपराधियों ने बाइक, मोबाइल एवं नगद रुपए लूट लिए। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। घटना साहुगढ़-भेलवा नहर के समीप की है। इस संबंध में अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध मठाही ओपी में आवेदन दिया गया है। बताया गया कि घैलाढ़ थाना क्षेत्र के बाली गांव वार्ड-2 निवासी राम सौदागर यादव का पुत्र पवन कुमार मधेपुरा के कर्पूरी चौक स्थित आरबीएल फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में कार्यरत है। शनिवार की शाम लगभग 7:30 बजे वह कार्यालय से अपने घर की ओर लाैट रहा था। इसी क्रम में जैसे ही वह साहुगढ़ नहर के पास पहुंचा, तो पीछे से दो बाइक पर सवार तीन अपराधी ने ओवरटेक कर उसे रोक लिया। इसके बाद हथियार का भय दिखाकर उसकी बीआर 50 एस 0635 नंबर की टीवीएस सिटी प्लस बाइक, मोबाइल, बैग में रखे सैमसंग का टेबलेट, बायोमेट्रिक आईडी कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड और पॉकेट में लगभग ढाई हजार रुपए लूट लिया। घटना के बाद अपराधी भेलवा गांव की ओर भाग निकला।
