पूर्णिया। दिल्ली में चल रहे किसानों के आंदोलन के समर्थन में पूर्णिया में भी किसान एवं सामाजिक संगठन दो दिसंबर को धरना देंगे एवं पैदल मार्च करेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए 25 लोगों की कोर्डिनेशन कमेटी का गठन किया गया है। इंदिरा गांधी स्टेडियम में रविवार को किसान संगठनों, सामाजिक संगठन एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक में उकत निर्णय लिया गया है।
केंद्र सरकार द्वारा लाए गए किसान विरोधी कानून, खाद, बीज तथा न्यूनतम समर्थन मूल्य आदि में हो रही धांधली तथा दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन को लेकर जिले के विभिन्न किसान व समाजिक संगठनों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने रविवार को इंदिरागांधी स्टेडियम में बैठक की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 2 दिसंबर को किसान आंदोलन के समर्थन में थाना चौक पर किसान, सामाजिक कार्यकर्ता एवं राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता एक दिवसीय धरना देंगे। साथ ही धरना के पश्चात थाना चौक से गिरजा चौक होते हुए आरएन शाह चौक तक पैदल मार्च कर सरकार के खिलाफ विरोध जताएंगे। बैठक में 25 लोगों की किसान समन्वय समिति का भी गठन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रोफेसर आलोक कुमार ने की तथा संयोजक इंकलाब फाउंडेशन के संस्थापक सह अध्यक्ष नियाज अहमद थे।
बैठक में किसान मजदूर संगठन के अध्यक्ष अनिरुद्ध मेहता मुख्य रूप से मौजूद रहे। बैठक में डॉ. मनोज सिंह, ईस्लामुद्दीन, विजय उरांव, गुलाम सरवर, मिथलेश दास, रमेश कुशवाहा, रंजन सिंह, गौतम वर्मा, बबलू गुप्ता, निरंजन कुशवाहा, मुख्तार आलम, अमीन अख्तर, दिलीप कुमार यादव, असलम आजाद, नक्षत्र ऋषि, बुद्धिनाथ शाह, इंद्रदेव यादव, प्रेम लाल यादव, उपेंद्र यादव जय कांत दास सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे।
