Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में हैवानियत, नाबालिग से दुष्कर्म के बाद हत्या, शव को बक्शे में किया बंद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, November 15, 2020

बिहार में हैवानियत, नाबालिग से दुष्कर्म के बाद हत्या, शव को बक्शे में किया बंद


बिहार के सासाराम से एक दिल दहला देने वाली खबर आ रही है, जहां एक अधेड़ ने नाबालिग से दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी और लाश को बक्शे में बंद कर दिया। यह वारदात डालमियानगर थाना क्षेत्र के गंगौली गांव की है। ग्रामीणों को जब इसकी भनक लगी तो उन्होंने आरोपित के घर की तलाशी ली और बच्ची के शव को बक्शे में देखा। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपित की जमकर पिटाई की। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह आरोपित को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया और हिरासत में लेकर उसे अस्पताल ले गई। बच्ची की मौत से दुखी ग्रामीणों ने गांव में दीपावली नहीं मनाई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक बच्ची के माता-पिता दूसरे शहर से रहकर नौकरी करते हैं।

नाबालिग बच्ची अपने दादा-दादी के साथ गांव में रहती थी। शनिवार की दोपहर बच्ची खेलने के लिए घर से बाहर गई लेकिन जब शाम तक वह घर नहीं लौटी तो उसके दादा-दादी उसे खोजने के लिए गांव में निकल गए। करीब घंटे भर बाद कुछ लोगों ने बताया कि गांव के ही बलराम सिंह के घर की तरफ दूसरे बच्चों के साथ खेल रही थी।

ग्रामीणों ने की आरोपित की जमकर पिटाई

शक के आधार पर ग्रामीणों ने जब बच्ची के बारे में बलराम सिंह से पूछा तो गोल मोल बातें करते लगा। ग्रामीणों ने जबरन उसके घर में प्रवेश कर बच्ची को खोजना शुरू किया तो अचानक उनकी नजर एक बक्शे पर पड़ी जिस पर खून का धब्बा लगा हुआ था। बक्शा खोलकर देखा तो उसके अंदर बच्ची की लाश पड़ी हुई थी। आक्रोशित ग्रामीणों ने बलराम सिंह की जमकर पिटाई की। इस बीच गांव वालों ने जिले के आला अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी।

सूचना मिलने के बाद एएसपी संजय कुमार, डालमियानगर थानाध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। किसी तरह आरोपित को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस अधिकारियों के पहुंचने के बाद ग्रामीणों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा था। ग्रामीण मौके पर ही आरोपित को सजा देने की मांग कर रहे थे। एसपी के काफी समझाने और आश्वासन देने के बाद ग्रामीण शांत हुए।

पहले भी जेल जा चुका है आरोपित

वहीं अपनी पोती की मौत से दुखी दादा-दादी का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में भी आक्रोश है और हर कोई आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग कर रहा है। ग्रामीणों की माने तो आरोपित बलराम सिंह को नशे की लत है और वह पहले भी कई बार जेल जा चुका है। गांव में भी कई लोगों के साथ उसकी मारपीट हो चुकी है। बलराम सिंह की इन्हीं हरकतों के कारण कुछ दिन पहले उसकी पत्नी अपने बेटे और बेटी को लेकर मायके चली गई थी।

गांव में नहीं मनी दीपावली

इस घटना के कारण गंगौली गांव में दीपावली नहीं मनाई गई। जहां दीए जल भी रहे थे, उस बुझाते हुए दीपावली की रात को गंगौली के लिए काली रात बताया गया। एएसपी संजय कुमार ने बताया कि बच्ची की हत्या के मामले में बलराम सिंह को गिरफ्तार किया गया है। बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद मामले की जांच की जाएगी।