Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:बिहार के नए शिक्षा मंत्री से पूछताछ के लिए पूर्व आईपीएस ने डीजीपी को लिखी चिट्ठी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, November 18, 2020

BIHAR:बिहार के नए शिक्षा मंत्री से पूछताछ के लिए पूर्व आईपीएस ने डीजीपी को लिखी चिट्ठी


पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ कुमार दास ने शिक्षा मंत्री मेवालाल चौधरी की पत्नी की मौत के मामले में उनसे पूछताछ की मांग की है। इसके लिए उन्होंने डीजीपी एसके सिंघल को पत्र लिखा है।

वर्ष 1994 बैच के बिहार कैडर के आईपीएस अधिकारी रहे अमिताभ दास ने पत्र में लिखा है कि मेवालाल चौधरी की पत्नी नीता चौधरी की जलने से मौत हो गई थी। मुझे सूचना है कि इसके पीछे राजनीतिक षड्यंत्र है। डीजीपी से अनुरोध किया है कि इस मामले में एसआईटी गठित कर मंत्री से पूछताछ की जाए।

तारापुर के नवनिर्वाचित विधायक डॉ मेवालाल चौधरी राजनीति में आने से पहले वर्ष 2015 तक वे भागलपुर कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति थे। वर्ष 2015 में सेवानिवृत्ति के बाद राजनीति में आए।

इसके बाद जदयू से टिकट लेकर तारापुर से चुनाव लड़े और जीत गए। लेकिन चुनाव जीतने के बाद डॉ चौधरी नियुक्ति घोटाले में आरोपित किए गए। कृषि विश्वविद्यालय में नियुक्ति घोटाले का मामला सबौर थाने में वर्ष 2017 में दर्ज किया गया था। इस मामले में विधायक ने कोर्ट से अंतरिम जमानत ले ली थी।

मेवालाल चौधरी की पत्नी स्व. नीता चौधरी राजनीति में काफी सक्रिय रहीं। वे जदयू के मुंगेर प्रमंडल की सचेतक भी थीं। 2010-15 में तारापुर से विधायक चुनी गयीं। वर्ष 2019 में गैस सिलेंडर से लगी आग में झुलसने से उनकी मौत हो गयी थी। मेवालाल चौधरी के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा रवि प्रकाश अमेरिका में तो छोटा बेटा मुकुल प्रकाश आस्ट्रेलिया में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं।