कटिहार। नगर थाना क्षेत्र के मंगल बाजार फलपट्टी स्थित ओम होटल में सैक्स रैकेट संचालन का भंडाफोड़ पुलिस ने किया है। इस सिलसिले में पुलिस ने होटल के प्रबंधक व एक युवक को गिरफ्तार किया है। इस दौरान एक नाबालिग लड़की भी हिरासत में ली गई है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
यह कार्रवाई गुप्त सूचना पर एसपी विकास कुमार के निर्देशानुसार एसडीपीओ अमरकांत झा की अगुवाई में गठित टीम द्वारा की गई। टीम में सदर अंचलाधिकारी सोनू कुमार भगत, नगर थानाध्यक्ष राघवेन्द्र कुमार सिंह, महिला थानाध्यक्ष किरण कुमारी, एवं पुलिस बल शामिल था। होटल से राकेश यादव के साथ मैनेजर गुरूचरण सिंह को गिरफ्तार किया गया। इसी दौरान पुलिस ने एक नाबालिग लड़की को बरामद किया है। एसडीपीओ ने पत्रकारों को बताया कि होटल में सैक्स रैकेट की सूचना पर पुलिस की निगाह वहां जमी हुई थी। यहां घंटे के हिसाब से रुम बुकिग होती थी। उन्होंने कहा कि होटल मालिक के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि शहर के अन्य होटलों में भी सैक्स रैकेट के संचालन की सूचना है। ऐसे होटलों पर भी पुलिस की नजर टिकी हुई है।
