Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR CRIME:जेल से छूटकर आया युवक तो पता चला कि पत्‍नी ने दूसरी शादी कर ली है, गुस्‍से में ससुर को गोली मारी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, November 21, 2020

BIHAR CRIME:जेल से छूटकर आया युवक तो पता चला कि पत्‍नी ने दूसरी शादी कर ली है, गुस्‍से में ससुर को गोली मारी


पटना। पटना जिले के मोकामा में एक युवक ने अपने ससुर को गोली मार दी। पूरा मामला बेहद उलझा हुआ है। आरोपित युवक हाल में जेल से छूटकर आया है। उसके जेल में रहने के दौरान ही पत्‍नी ने दूसरी शादी कर ली थी। अब युवक पत्‍नी को अपने साथ चलने को लेकर दबाव बना रहा था। इस मामले में युवक की पत्‍नी ने ही मामला दर्ज कराया है। प्राथमिकी में युवक के अलावा दो और लोगों को भी आरोपित बनाया गया है।

यह पूरा मामला घोसवरी थाना क्षेत्र के ढनकडोव गांव में शुक्रवार की रात हुआ। नवादा थानाक्षेत्र के बुच्‍ची गांव निवासी छोटू कुमार गुप्‍ता की इसी गांव में ससुराल है। वह अपनी पत्‍नी को साथ ले जाने के लिए ससुराल आया था, लेकिन पत्‍नी और उसके मायके वाले इसके लिए तैयार नहीं थे। इसी से खार खाये छोटू ने अपने ससुर उपेंद्र साव को गोली मार दी। घटना के बाद घर के लोगों ने आरोपित को पकड़ लिया और उसे पुलिस को सौंप दिया।

पीएचसी में इलाज के बाद पीएमसीएच रेफर

इधर वारदात के तुरंत बाद गंभीर स्थिति में जख्मी उपेंद्र साव को पीएचसी ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने पीएमसीएच रेफर कर दिया। घायल शख्‍स की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पत्‍नी ने दर्ज कराया पिता की हत्‍या के प्रयास का मामला

छोटू की पत्नी खुशबू कुमारी ने पिता की हत्या के प्रयास का केस दर्ज कराया है। छोटू के अलावे दयानंद गुप्ता व दो अन्य को आरोपित किया है।

राजद नेता की हत्‍या के मामले में तीन साल जेल में रहकर आया है बाहर

बताया जाता है कि छोटू अपने गांव के राजद नेता कैलाश पासवान की हत्या में तीन वर्ष तक जेल में रहा था। हाल ही में जेल से जमानत पर आया था। बाहर आने पर उसे पता चला कि खुशबू ने दूसरी शादी रचा ली है। इस दंपती से बच्चे भी हुए हैं।

जेल जाने से पहले पत्‍नी के नाम से कर दी थी सारी संपत्ति

जानकारी के अनुसार छोटू ने अपनी संपत्ति खुशबू के नाम कर रखी है। इस कारण उसे ले जाने के लिए शुक्रवार की रत दो अन्य साथियों के साथ ससुराल पहुंचा था।

भागने से पहले ससुराल वालों ने घेर कर दबोच लिया

पत्नी को साथ चलने का दबाब बनाने लगा, इस दौरान वह मारपीट पर भी उतारू हो गया। ससुराल वालों ने विरोध किया तो पिस्टल निकाल कर ससुर पर गोली चला दी। हालांकि भागने के पहले ही उसे ससुरालवालों ने घेराबंदी कर दबोच लिया। उसके दो अन्य साथी भागने में सफल हो गए।