मृत महिला के स्वजनों से पूछताछ करते पुलिस अधिकारी
मधुबनी। मधेपुर थाना क्षेत्र के भीठ-भगवानपुर गांव में प्रेम प्रसंग में दोहरे हत्याकांड का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार को एक महिला व एक पुरूष का शव बरामद होने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई । बताया जाता है कि पहले प्रेमी ने अपनी प्रेमिका को उसके ही घर में छूरा घोंप कर मार डाला। वहां से भागते हुए ग्रामीणों ने प्रेमी को दबोच लिया और उसे मार कर कमला नदी में फेंक दिया।
पुलिस ने महिला का शव उसके घर से, जबकि पुरुष का शव नंदनवन मुसहरी से आगे नदी से बरामद कर ली है। मृत महिला की पहचान भीठ-भगवानपुर गांव के ही वसंत कामत की पुत्री भारती देवी (28) के रुप में की गई है।
घर में घुस प्रेमी ने प्रेमिका पर किया वार
घटना के बाबत पुलिस का कहना है कि रविवार को दिन के करीब दस बजे एक युवक वसंत कामत के आंगन में पहुंचा और कुछ काम कर रही भारती पर छूरे का कई वार कर उसकी हत्या कर दी। महिला की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। हत्यारे की पहचान भेजा थाने के परवलपुर गांव के अरुण कुमार चौपाल (32) के रूप में हुई है। उसके बाजू पर भारती-अरुण लिखा हुआ पाया गया। पुलिस ने नदी से उसका शव भी बरामद कर लिया है। उसकी पहचान मृतक की पत्नी ने की है।
मृतका के बेटे ने दोनों के रिश्ते को स्वीकारा
डीएसपी आशीष आनंद ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग का लगता है। मृतका के बड़े बेटे नंदु के अनुसार हत्यारा अक्सर उसकी मां से मिला करता था। फोन पर भी बातें किया करता था। वो भी कई बार उसका कॉल रिसीव कर चुका है। उसे देखा भी है। वह कई बार भगवानपुर भी आ चुका है। हालांकि, यहां कोई भी उसके पहचान के बाबत कुछ नहीं बोल रहा। पुलिस के अनुसार प्रेम प्रसंग व रुपये लेन-देन से जुड़ा हुआ मामला है।
तीन दिन पहले ही मायके आई थी महिला
बताया जाता है कि महिला की शादी दरभंगा जिला के पाली गांव निवासी कृष्ण कामत से करीब दस वर्ष पूर्व हुई थी। उसे दो संतान हैं। बड़ा बेटा नंदू आठ साल का है, जबकि छोटा महज तीन माह का। महिला का पति पांच दिन पहले ही नौकरी करने दिल्ली चला गया। मृतका की मां श्रद्धा देवी ने बताया कि वह तीन दिन पहले ही मायके आई थी। ऑपरेशन करवाना था। इस बाबत आशा से भी बात हो गई थी। उसकी मौत के बाद घर में कोहराम मचा हुआ है। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही मधेपुर थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पुलिसिया कार्रवाई कर भारती के शव को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया। बाद में युवक के शव को भी पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इधर, भेजा थानाध्यक्ष मनोज कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। बाद में डीएसपी आशीष आनंद एवं इंस्पेक्टर महफूज आलम ने भी भीठ-भगवानपुर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और स्वजनों व ग्रामीणों से घटना के बाबत पूछताछ की।
