प्रतापगंज (सुपौल): प्रखंड अंतर्गत सुखानगर पंचायत के वार्ड नंबर 10 से गत महीने गायब अभिनव कुमार 17 अक्टूबर की शाम घर लौट आया है। अभिनव के घर आने की खबर लगते ही उसको देखने जहां गांव वालों की भीड़ जुट गई। वहीं 19 दिनों से गायब बेटे के घर आने के इंतजार में गम से गुजर रहे परिवार में खुशियों के आंसू छलक पड़े। 29 सितंबर को सुखानगर पंचायत निवासी श्रवण कुमार सिंह का लड़का 14 वर्षीय अभिनव कुमार सिंह घर से सुबह 8 बजे साइकिल से दूध लेने निकला था। लेकिन वह वापस नहीं लौटा। घंटों इंतजार के बाद जब परिवार के लोगों ने उसकी खोज दो दिनों तक गांव सहित सगे संबंधियों के यहां की। लेकिन कहीं भी उसका अता-पता नहीं लगा। थक हारकर अभिनव के पिता श्रवण कुमार सिंह ने शंका करते हुए अज्ञात के विरुद्ध अभिनव का अपहरण किये जाने का मामला दर्ज करवाया। तब से परिवार के लोग सहित पुलिस भी अपहृत अभिनव की बरामदगी के लिए प्रयासरत थी। आखिरकार 17 अक्टूबर की शाम अभिनव साइकिल पर सवार अकेले गांव पहुंचा। जहां लोगों ने उसे पहचान लिया। उसी दौरान आगामी 7 नवंबर को अंतिम चरण में होने वाले विधानसभा चुनाव के कार्यों को लेकर आरडीओ राजाराम पासवान और थानाध्यक्ष प्रभाकर भारती सुखानगर पंचायत में बूथों का निरीक्षण कर रहे थे। थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि अपहृत अभिनव सकुशल गांव पहुंच गया है। उन्होंने अभिनव को अपने कब्जे में लेकर घर से गायब होने की विस्तृत जानकारी लेनी चाही। लेकिन अभिनव काफी उदास और भयभीत लग रहा था। उसने थानाध्यक्ष को सिर्फ इतना बताया कि मैं घर से साइकिल से भागकर राघोपुर चला गया था। भागने के बाद राघोपुर स्टेशन पर ही रहता था। इसके सिवा उसने पुलिस को कुछ भी बताने में असमर्थता जताई। इधर बेटे के आने की खबर से परिवार के लोग काफी खुश नजर आ रहे थे। पिता श्रवण सिंह के खुशी से छलक रहे आंसुओं के बीच लोग नवरात्रा के दिन बेटे का वापस आ जाना मां भगवती की कृपा मान रहे थे।
