मधेपुरा। उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र की शाहजादपुर पंचायत अंतर्गत डोमारही में बुधवार की रात बदमाशों ने धर्मदेव सादा (35) को गोली मारकर बगीचे में फेंक दिया गया। वह गंभीर रूप से जख्मी है। प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। वह दशरथ सादा का पुत्र है। युवक ऑटो चलाने का काम करता है। युवक की पत्नी गांव की आशा कार्यकर्ता हैं।
घटना का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ पाया है। वजह को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही है। कोई लेन देन की बात बता रहा है तो कोई लड़की के साथ नाजायज संबंध होना बता रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर गौर कर रही है। वारदात के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस ने बताया कि अबतक स्वजनों ने शिकायत आवेदन नहीं दिया है। आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। घटना के बाद स्वजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव के लोग भी सकते में हैं। क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे आपराधिक वारदात से लोगों में भय व्याप्त है। वहीं लोगों में पुलिस के खिलाफ आक्रोश व्याप्त है। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने युवक को गोली मारकर आम के बगीचे में फेंक दिया। सुबह गुरूवार को आम बगीचा में शौच के दौरान कुछ लोगों की नजर अचानक युवक पर पड़ी। कानों कान खबर आग की तरह क्षेत्र में फैल गई। वहां पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने युवक को जिदा पाकर उदाकिशुनगंज पीएचसी में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद युवक को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। युवक को भागलपुर से सिल्लीगुड़ी रेफर कर दिया गया है। स्थल पर पहुंचे बुधमा कैंप प्रभारी प्रह्लाद सिंह ने वारदात की सूचना वरीय अधिकारी को दी। सूचना पाकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सतीश कुमार व पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष शशि भूषण सिंह ने घटनास्थल पहुंचकर जानकारी ली। स्वजनों से भी पूछताछ की। एसडीपीओ सतीश कुमार ने बताया कि गोली मारने वालों का नाम सामने आया है। जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ऑटो चालक की गोली मारकर हत्या
बुधमा ओपी अंतर्गत शाहजादपुर पंचायत के डोमारही में अपराधियों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक ऑटो चालक बताया गया है। गुरुवार की सुबह ग्रामीणों ने आम के बगीचे में गोली लगने से जख्मी एक व्यक्ति को अचेतावस्था में पड़ा देखा। गंभीर रूप से जख्मी व्यक्ति की पहचान शाहजादपुर के वार्ड दो निवासी दशरथ ऋषिदेव का पुत्र धर्मदेव ऋषिदेव (35) के रूप में ग्रामीणों ने की। घटना की सूचना फैलते ही घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गयी।
सूचना मिलते ही एसडीपीओ सतीश कुमार, थानाध्यक्ष शशिभूषण सिंह, बुधमा ओपी प्रभारी प्रह्लाद कुमार सिंह पुलिस बल के साथ स्थल पर पहुंच गए और लोगों से पूछताछ करते हुए गंभीर रूप से जख्मी व्यक्ति को इलाज के लिए उदाकिशुनगंज पीएचसी भेज दिया। पीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद जख्मी युवक को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया। इलाज के लिए पूर्णिया ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
एसडीपीओ सतीश कुमार और थानाध्यक्ष शशिभूषण सिंह के नेतृत्व में पुलिस की टीम घटना से जुड़े पहलुओं की जानकारी प्राप्त करने के लिए आस पास के ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस ने मृतक के परिजनो से भी पूछताछ की। हालांकि अब तक घटना के कारण स्पष्ट पता नहीं हो पाया है।
थानाध्यक्ष शशिभूषण सिंह ने बताया कि धर्मवीर के पिता दशरथ ऋषिदेव के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है। इस घटना में सात लोगों को नामजद किया गया है। उन्होंने बताया कि सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई में जुटी है।
उदाकिशुनगंज के शहजादपुर में युवक की हत्या के बाद गुरुवार को विलाप करते परिजन।